हांसी। जिले में पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति सामान्य है। हालांकि, दुपहिया वाहनों में सीमित मात्रा में पेट्रोल डालने और बोतल में तेल भरने पर रोक अभी भी जारी है। उपायुक्त राहुल नरवाल ने स्पष्ट किया कि जिले में एलपीजी, पेट्रोल, डीजल और अन्य पेट्रोलियम पदार्थों की कोई कमी नहीं है और सभी उपभोक्ताओं तक पर्याप्त मात्रा में संसाधन उपलब्ध हैं।
शहरी क्षेत्र में 11 पेट्रोल पंप हैं। शनिवार को बाइकों के लिए अधिकतम 200-500 रुपये तक ही पेट्रोल दिया गया। इस प्रतिबंध के कारण खासकर दूर-दराज क्षेत्रों के लोग और आपात स्थिति में फंसे व्यक्ति थोड़ी परेशानी का सामना कर रहे हैं। कुछ किसान ड्रम लेकर तेल भरवाने भी पहुंचे। दी ऑल हरियाणा पेट्रोलियम डीलर एसोसिएशन के सचिव नकुल अग्रवाल ने बताया कि कंपनियों से पर्याप्त तेल मिल रहा है, लेकिन लोग पैनिक में आकर जरूरत से ज्यादा तेल खरीद रहे हैं, जिससे थोड़ी दिक्कत हो रही है।
कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ होगी कार्रवाई:
उपायुक्त राहुल नरवाल ने कहा कि गैस सिलेंडर और अन्य पेट्रोलियम उत्पादों की कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन पूरी तरह आपूर्ति व्यवस्था पर नजर बनाए हुए है। उन्होंने आमजन से अपील की कि किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और अनावश्यक रूप से पेट्रोलियम पदार्थों का भंडारण न करें। उनका कहना था कि विवेकपूर्ण उपयोग से सभी उपभोक्ताओं तक सुचारू आपूर्ति सुनिश्चित होगी और किसी को परेशानी नहीं होगी।