जिला किसान सभा की कार्यकारिणी की बैठक सभा के जिला प्रधान शमशेर सिंह नंबरदार की अध्यक्षता में हुई। जिसका संचालन जिला सचिव सतबीर धायल ने किया। बैठक की जानकारी देते हुए सभा के प्रेस सचिव सूबे सिंह बूरा ने बताया कि बैठक में किसानों के चल रहे आंदोलन की समीक्षा करते हुए फैसला लिया कि 24 फरवरी को उपायुक्त के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन दिया जाएगा।
ज्ञापन में मांग की जाएगी कि तीनों कृषि कानून वापस लिए जाएं। लापता 22 किसानों को बरामद किया जाए व किसानों पर दर्ज झूठे मुकदमे वापस लिए जाएं। आंदोलन को आगे बढ़ाते हुए 26 फरवरी को उपरोक्त मांगों को लेकर युवा, छात्र व किसान प्रदर्शन करेंगे और 27 फरवरी को संयुक्त रुप से किसान, खेत मजदूर व अन्य संगठनों के लोग प्रदर्शन करेंगे तथा गुरु रविदास जयंती व चंद्रशेखर की जयंती मनाई जाएगी। बैठक में किसान नेता दयानंद ढुकिया, जितेंद्र बूरा बधावड़, प्रदीप सिंह, रुपेश मलिक, सुभाष कौशिक, हवा सिंह, चंद्र सिंह, धर्मपाल सिंघवा, सतबीर बलौछा, राजकुमार ठोलेदार, कर्म सिंह, रोहतास ढंढेरी, कृष्ण कुमार गावड़, रघुबीर सिंह आदि ने संबोधित किया।