हिसार। लोगों को सहूलियत देने के लिए शुरू की गई सिटी बस सेवा का दो साल बीत जाने के बाद भी विस्तार नहीं हो सका। वर्तमान में शहरी क्षेत्र में 9 सिटी बसें दौड़ रही हैं।
नगर निगम की ओर से दो साल पहले यात्रियों को 20 सिटी बसों की सुविधा देने के वादे किए थे, मगर आज तक इन बसों की संख्या नहीं बढ़ाई गईं। वहीं किराया कम होने के कारण अक्सर लोग सिटी बसों में ही सफर करना पसंद करते हैं। कई बार लोगों ने नगर निगम के अधिकारियों को सिटी बसें बढ़ाने की मांग भी उठाई थी, मगर आज तक कोई ध्यान नहीं दिया।
पांच से 10 रुपये किराया
ऑटो के मुकाबले सिटी बसों का किराया काफी कम हैं। यदि हम ऑटो में एक चौक से दूसरे चौक पर जाते हैं तो ऑटो संचालन 20 रुपये वसूल लेता है। मगर इन बसों में पांच रुपये ही किराया लगता है। यदि एक चौक छोड़कर दूसरे चौक पर उतरना है तो 10 रुपये लिए जाते हैं।
इन रूटों पर चली रही 9 बसें
- आजाद नगर: 3
- कैंट: 2
- आधार अस्पताल: 2
- रायपुर रेलवे स्टेशन: 2
विवाद : जब सिटी बस दिखाई देती है तो सवारियों को 10 रुपये में भी बैठा लेते ऑटो चालक
सिटी बस संचालक राजबीर ने बताया कि बस स्टैंड के अंदर ऑटो खड़े करने की अनुमति नहीं है। मगर यहां ऑटो संचालकों ने स्टैंड तक बना रखा है। यह खेल रोडवेज अधिकारियों के सामने चल रहा है। मगर इन्हें बाहर करने की हिम्मत तक नहीं है। मैंने कई बार रोडवेज के उच्च अधिकारियों से लेकर आरटीए तक को बताया। यहां तक कि तीन बार सीएम विंडो पर भी शिकायत लगाई, मगर कोई जवाब तक नहीं मिला। राजबीर का कहना है कि जब भी ऑटो चालकों को कही सिटी बस खड़ी नजर आती है वे सवारियां बैठाने के लिए 20 की जगह 10 रुपये भी ले लेते हैं।