स्वच्छता सर्वेक्षण 2020 को लेकर सिटीजन फीडबैक देने के मामले में सोनीपत को पछाड़कर हिसार शहर दूसरे नंबर पर पहुंच गया है। अब हिसार से सिर्फ रोहतक ही आगे है। रोहतक में 23 हजार 349, जबकि हिसार में 16 हजार 639 लोगों ने फीडबैक दिया है। वहीं, सोनीपत में फीडबैक देने वालों की संख्या 15 हजार 800 हैं।
गौरतलब है कि इस बार 6 हजार अंकों का स्वच्छता सर्वेक्षण हो रहा है। इसमें 1500 अंक सिटीजन फीडबैक के भी मिलने हैं। जिस शहर में सबसे अधिक सिटीजन फीडबैक मिलेगा, उसको सर्वेक्षण की ओवर ऑल रैंकिंग में लाभ मिलेगा। मार्च में स्वच्छता सर्वेक्षण 2020 की ओवरऑल रैंकिंग जारी होने की संभावना है।
तीसरे नंबर पर चल रहा था हिसार
सिटीजन फीडबैक के लिए ऑनलाइन पोर्टल चार जनवरी को खोला गया था। इसके बाद से लगातार सिटीजन फीडबैक देने के मामले में हिसार तीसरे नंबर पर चल रहा था। शहरवासियों से फीडबैक भरवाने के लिए निगम प्रशासन की ओर से पांच से छह टीमें लगाई हुई थीं। पहले सोनीपत दूसरे नंबर पर था। मगर 26 जनवरी तक हिसार सोनीपत से काफी आगे निकल गया है। अब हिसार और सोनीपत के आंकड़ों में 839 नंबरों का अंतर है।
सिटीजन फीडबैक में टॉप पांच शहर
रोहतक - 23 हजार 349
हिसार - 16 हजार 639
सोनीपत - 15 हजार 800
पंचकूला - 15 हजार 251
गुरुग्राम - 12 हजार 815
सिटीजन फीडबैक देने वालों की सूची में हिसार दूसरे नंबर पर पहुंच गया है। फिलहाल हमसे सिर्फ रोहतक आगे है। इसका स्वच्छता सर्वेक्षण की ओवरऑल रैंकिंग में लाभ होगा।
- जसबीर कुंडू, सिटी टीम लीडर, नगर निगम