सीआईए पुलिस ने हरियाणा और दिल्ली के 1.5 लाख रुपये के इनामी बदमाश विनोद काणा गैंग का बदमाश जगदीप उर्फ सोनू को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। इस मुठभेड़ के दौरान सोनू टांग में गोली लगने से घायल हो गया। इसके बाद पुलिस ने उसे काबू कर लिया। आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे दो दिन के रिमांड पर लिया गया है। नारनौंद निवासी आरोपी सोनू लोहान पर दिल्ली पुलिस की तरफ से मकोका भी लगाया गया है।
एसपी विरेंद्र विज ने पत्रकारों को बताया कि नारनौंद के एक गांव का रहने वाले सोनू पर हांसी व हिसार पुलिस की ओर से 50-50 हजार का इनाम रखा गया है। वहीं दिल्ली पुलिस ने भी आरोपी पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया हुआ है। सीआईए हांसी इंचार्ज निरीक्षक कप्तान सिंह ने सूचना के बाद रविवार देर रात सिसाय गांव के समीप एक कोठड़े में टीम के साथ मौके पर छापा मारा। आरोपी सोनू वहां पर अकेला था।
इस दौरान दोनों पक्षों की तरफ से फायरिंग भी हुई। मौके पर कई फायर हुए, जिनमें से एक गोली पुलिस की गाड़ी में, दूसरी ओर एक गोली सोनू की टांग में लगी, इससे वह घायल हो गया। पुलिस को उसके कब्जे से एक पिस्तौल 315 बोर, एक कारतूस बरामद हुआ। वहीं पुलिस द्वारा मौके पर तलाशी ली गई तो सोनू के बैग से एक पिस्तौल व तीन कारतूस बरामद हुए। आरोपी का हांसी के नागरिक अस्पताल में उपचार करवाया गया। एसपी ने बताया कि कुख्यात बदमाश सोनू उर्फ जगदीप हिसार निवासी शराब ठेकेदार सतेंद्र को मारने की साजिश रच रहा था। चूंकि वह मौके पर अकेला था, ऐसे में शायद वह किसी का इंतजार कर रहा था।
1. जगदीप उर्फ सोनू पर नारनौंद में डबल मर्डर बिट्टू थुराना गांव मदनहेड़ी के संबंध में हत्या का मामला दर्ज है।
2. पेटवाड़ निवासी टिंकू की हत्या का नारनौंद में मामला दर्ज है।
3. नारनौंद में व्यापारी सतीश कुमार से 10 लाख की चौथ मांगने का मामला दर्ज है।
4. हिसार जिले में अलग-अलग थानों में हत्या, हत्या के प्रयास एवं फिरौती के तीन मामलों में वह वांछित था।
5. जिला झज्जर के एक मामले में हत्या के प्रयास में वांछित था।
6. दिल्ली में एक मकोका अधिनियम के तहत दर्ज मामले में वांछित था।
दिल्ली में भी कई संगीन वारदात को अंजाम दे चुका सोनू
इनामी बदमाश सोनू हरियाणा ही नहीं, बल्कि दिल्ली में भी कई संगीन वारदात को अंजाम दे चुका था। इसके चलते उस पर मकोका का अभियोग चल रहा है। दिल्ली के एक मामले में बदमाश सोनू ने वहां के एक बिजनेसमैन से पांच करोड़ की चौथ मांगी थी। इस पर उसने बिजनेसमैन से 85 लाख रुपये लेकर उसका पीछा छोड़ा था। इसके अलावा भी दिल्ली में कई वारदात को अंजाम दे चुका है।