हांसी। मुख्यमंत्री उड़नदस्ते ने वीरवार शाम करीब 7 बजे तहसील के रजिस्ट्री कार्यालय पर छापा मारा। इस दौरान क्लर्क और कंप्यूटर ऑपरेटर कार्यालय में मौजूद मिले। टीम ने कार्यालय खंगालना शुरू किया तो दराज में 20 हजार रुपये मिले। इस बारे में अधिकारियों ने पूछताछ की तो दोनों कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए। इसके बाद पुलिस को शिकायत दी गई। पुलिस और मुख्यमंत्री उड़नदस्ते ने दोनों को शुक्रवार सुबह अनाज मंडी चौकी में बुलाया है।
जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री उड़नदस्ते को लगातार शिकायतें मिल रही थी कि तहसील कार्यालय में रुपये लेकर रजिस्ट्री की जा रही हैं। इसके बाद टीम ने बिजली निगम के एसडीओ रणबीर सिंह को ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया और कार्यालय पर छापा मारा। टीम शाम 7 बजे कार्यालय पहुंची। इस समय रजिस्ट्री क्लर्क विजय सिंह और डाटा एंट्री (कंप्यूटर) ऑपरेटर महादेव कार्यालय में मौजूद मिले। कार्यालय से बरामद 20 हजार रुपये के बारे में उनसे पूछा तो कहा कि रजिस्ट्री की फीस है। इसके बाद पुलिस को मौके पर बुलाया। पुलिस जांच कर रही है कि राशि तहसील कार्यालय की है या फिर रिश्वत की। मामले में पुलिस शुक्रवार को खुलासा करेगी। बता दें कि लोगों द्वारा रजिस्ट्री व इंतकाल के नाम पर रिश्वत लेने के आरोप लगाए गए हैं।