मंडी आदमपुर मुख्य अभियंता राकेश कुमार को ज्ञापन सौंपते गांव मोहब्बतपुर के ग्रामीण।
मंडी आदमपुर। जनस्वास्थ्य विभाग के मुख्य अभियंता राकेश कुमार आदमपुर में चल रहे सीवरेज कार्यों व एसटीपी का निरीक्षण करने के लिए पहुंचे। निरीक्षक के दौरान मुख्य अभियंता राकेश कुमार ने अधिकारियों को सीवरेज कार्यों को लेकर व शहर के बरसाती पानी की निकासी के लिए आवश्यक दिशा निर्देश भी दिए। मुख्य अभियंता ने दड़ौली रोड पर बनाए जा रहे एसटीपी का भी निरीक्षण किया और आवश्यक निर्देश दिए।
वहीं इस दौरान जनस्वास्थ्य विभाग के मुख्य अभियंता राकेश कुमार को गांव मोहब्बतपुर के ग्रामीणों ने ज्ञापन सौंपा। ग्रामीण रतन दिनोदिया, ईश्वर, कुलदीप, करतार, श्यामसुंदर, दलबीर, मदन, भजनलाल, सुंदर, निखिल, बजरंग, लीलूराम, भालसिंह, महेंद्र आदि ने कहा कि वे गांव में फिरनी के नजदीक ऊंचाई पर रहते हैं।
यहां गांव के अन्य इलाकों से करीब 15 फीट ज्यादा ऊंचाई है, जिसके चलते उनके पास जलघर का पानी पहुंचने में बहुत दिक्कत आती है। इसी के चलते विभाग द्वारा ऊंचाई पर रहने वाले ग्रामीणों के लिए अलग से बूस्टर लगा रखा है। गांव के 1-2 घर जबरदस्ती इस बूस्टर से कनेक्शन लेना चाहते हैं। उन्होंने पहले ही जलघर का कनेक्शन ढाई इंची कर रखा है। वे जलघर के पानी से एक कनाल में सब्जी लगाते हैं और अन्य कामों में व्यर्थ बहाते हैं। ग्रामीणों ने मुख्य अभियंता को बताया कि 2 घर जबरदस्ती डबल कनेक्शन लेने के चलते उनके बूस्टर में कनेक्शन करना चाहते हैं। उन्हें कनेक्शन न दिया जाए, ताकि ऊंचाई पर पानी पहुंचने में दिक्कत न हो। मुख्य अभियंता राकेश कुमार ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि बूस्टर से किसी को भी कनेक्शन नहीं दिया जाएगा। उन्होंने विभाग के अधिकारियों को कनेक्शन न दिए जाने के आदेश दिए। इस दौरान उनके साथ अधीक्षक अभियंता शिवराज सिंह, कार्यकारी अभियंता संजीव त्यागी, एसडीओ अंकुश, मोहनलाल सुथार सहित अन्य कर्मचारी भी मौजूद रहे।