हिसार। विकास नगर में शुक्रवार को युवक और युवती पर सुए से हमला कर घायल करने के मामले में शहर थाना पुलिस ने युवती के भाई पर हत्या प्रयास का केस दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपी की तलाश में कई जगह दबिश दी।
पुलिस को दी गई शिकायत में हांसी की रहने वाली 21 साल की युवती ने बताया कि चार साल पहले कस्बे के युवक के साथ सहमति संबंध में रहने लगी थी। तीन साल तक रिलेशनशिप में रही। अब एक साल से हांसी में रह रही हूं। करीब तीन महीने से दूर के एक रिश्तेदार के पास आती-जाती हूं। 19 अप्रैल को दोपहर करीब 12 बजे दूर के रिश्तेदार के साथ विकास नगर में किराए का कमरा देखने आई थी। विकास नगर में टायरों की दुकान के पास पहुंचे तो पीछे से मेरा बड़ा भाई आया और उसने अपने हाथ में लिए हुए बर्फ तोड़ने वाले सुए से रिश्तेदार पर जान से मारने की नीयत से हमला कर दिया। उसके बाद मुझ पर हमला कर दिया और मौके से फरार हो गया। जख्मी हालत में नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया था। शहर थाना पुलिस ने नामजद के खिलाफ हत्या प्रयास का केस दर्ज किया है।