नारनौंद। सेना में नौकरी लगवाने के नाम पर 9 लाख रुपये की ठगी के मामले में पुलिस ने एक रिटायर फौजी सहित चार लोगों पर विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। इस मामले में अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।
पुलिस को दी शिकायत में कागसर निवासी बलवान ने बताया कि उसी की गांव के रिटायर फौजी सुभाष, उसका बेटा अमित, राजीव व ललित ने उससे सेना में 6 लाख रुपये में किसी की भी नौकरी लगवाने का झांसा दिया। बलवान ने अपने साले के लड़के खटकड़ निवासी दिनेश को यह बात बताई। 25 मई 2018 को नौकरी के लिए तीन लाख सुभाष को दे दिए गए। बाकी के पैसे दिल्ली में देने की बात हुई। 3 फरवरी 2020 को दो लाख रुपये दिल्ली में अमित को दे दिए गए। उसके बाद बलवान को ज्वाइनिंग लेटर दिखाया गया। जल्द ही लेटर को डाक के जरिए भेजने की बात कही गई। इसके बाद 7 फरवरी 2020 को तीन लाख रुपये भेजे गए। परंतु कई महीने बीत जाने के बाद भी जॉइनिंग लेटर नहीं आया। पूछा तो बताया गया कि कोरोना की वजह से भर्ती कैंसिल हो गई है। इसके बाद दिल्ली में सेना के अधिकारी से जाकर जानकारी हासिल की तो पता लगा कि ऐसी कोई पोस्ट नहीं निकली थी। पुलिस ने बलवान की शिकायत पर कागसर निवासी रिटायर फौजी सुभाष, उसका बेटा अमित, ललित और राजीव पर विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। इस संबंध में थाना प्रभारी चंद्रभान ने बताया कि मामले की जांच जारी है।