हिसार। जिले में सड़क हादसों पर अंकुश लगाने के लिए ओवर स्पीड और बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों पर सख्ती की जाएगी। डीसी महेंद्र पाल ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि दुपहिया वाहन चालकों के हेलमेट की नियमित जांच की जाए और ओवर स्पीड पर नेशनल हाइवे, स्टेट हाइवे के साथ शहर की सड़कों पर भी निगरानी रखी जाए। ओवर स्पीड मिलने पर सभी वाहनों के चालान किए जाएं।
उन्होंने स्कूली बसों की नियमित जांच के भी निर्देश दिए। उपायुक्त महेंद्र पाल मंगलवार को लघु सचिवालय परिसर स्थित वीसी रूम में जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति एवं जिला स्तरीय टास्क फोर्स कमेटी की बैठक को संबोधित कर रहे थे।
अधिकारियों ने बताया कि अगस्त में 15 गंभीर सड़क हादसों में 16 लोगों की मौत हुई, जबकि 20 लोग गंभीर रूप से घायल होकर अस्पताल पहुंचे। 19 लोग मामूली रूप से घायल हुए। चालू वर्ष में अब तक 251 सड़क हादसों में 119 लोगों की मौत हो चुकी है। 130 लोग गंभीर और 139 लोग मामूली रूप से घायल हुए हैं।
डीसी ने सड़क सुरक्षा मजबूत करने के साथ अवैध खनन पर प्रभावी रोक लगाने के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आमजन की सुरक्षा और सरकारी नियमों का पालन सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकता है। दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में आवश्यक सुधार कार्य समयबद्ध तरीके से करवाए जाएं। अवैध गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखते हुए नियमों का उल्लंघन करने वालों पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाए।
उन्होंने कहा कि दुर्घटना संभावित स्थलों की पहचान कर वहां समयबद्ध तरीके से सुधारात्मक कदम उठाए जाएं। सड़क मार्गों की स्थिति, यातायात व्यवस्था, चेतावनी संकेतकों, जल निकासी सहित अन्य सुविधाओं में सामने आने वाली कमियों को संबंधित विभाग आपसी समन्वय से दूर करें।
उपायुक्त ने सुरक्षित स्कूल वाहन पॉलिसी को प्रभावी ढंग से लागू करने के निर्देश दिए। साथ ही राष्ट्रीय राजमार्गों पर अनधिकृत कट बंद करवाने और सड़क किनारे झुके पेड़ों की शाखाओं व झाड़ियों की आवश्यकतानुसार कटाई-छंटाई करवाने को कहा। चिन्हित दुर्घटना संभावित स्थानों पर सुरक्षा के सभी जरूरी इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए, ताकि वाहन चालकों और राहगीरों को परेशानी न हो।
बैठक में आरटीए सचिव संजय बिश्नोई सहित एनएचएआई, लोक निर्माण विभाग, जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग, खनन विभाग तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।