पुलिस की ओर से नाबालिग वाहन चालकों के चालान काटे जाने के विरोध में कैंट के लोगों ने वीरवार देर शाम करीब 8.30 बजे नेशनल हाईवे जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने कैंट के सामने रोड जाम कर अपना विरोध जताया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जाम खुलवाया।
पुलिस की ओर से वीरवार को कैंट एरिया में नाबालिग वाहन चालकों के चालान काटने का विशेष अभियान चलाया गया था। बताया जा रहा है कि दो युवक बाइक के पास खड़े थे। पुलिस ने इन लोगों के चालान कर दिए। इन युवकों के परिजन भी चालान किए जाने के विरोध में वहां आ गए। परिजनों ने विरोध करते हुए कैंट के सामने रोड जाम कर दिया। लोगों ने कहा कि पुलिस की ओर से खड़ी बाइकों के भी चालान किए गए हैं। पिछले दो दिन से यहां लोगों को जबरदस्ती परेशान किया जा रहा है। कुछ मिनट में ही एनएच पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। जानकारी मिलने के बाद सदर थाना प्रभारी देवेंद्र नैन मौके पर पहुंचे। उन्होंने लोगों को समझाया कि नेशनल हाईवे को खोल दें। हाईवे को जाम करना गलत है। सैकड़ों गाड़ियां जाम में फंस गई हैं। ग्रामीणों ने पुलिस की बात को मानते हुए जाम को खोल दिया। पुलिस का एक कर्मचारी मौके पर फोटोग्राफी कर रहा था। प्रदर्शनकारियों को इसका पता लगा तो उन्होंने पुलिसकर्मी का कैमरा लेकर उसकी चिप छीन ली। रात करीब सवा नौ बजे यातायात सामान्य हो गया।