हिसार। जैन समाज की ओर से सोमवार को भगवान महावीर के 2625वें जन्म कल्याणक महोत्सव का आयोजन धूमधाम से किया गया। कार्यक्रम में विधायक सावित्री जिंदल और मेयर प्रवीण पोपली की उपस्थिति में भगवान महावीर के सिद्धांतों को फैलाने के उद्देश्य से श्रद्धा और भक्ति से भरपूर आयोजन हुआ।
दिगंबर जैन पंचायत के प्रधान नवीन जैन, कार्यकारी प्रधान प्रवीण जैन और सचिव राजीव जैन ने बताया कि यह आयोजन समाज के सभी वर्गों को भगवान महावीर के अहिंसा, सत्य और संयम के सिद्धांतों से परिचित कराने का एक प्रयास है। कार्यक्रम की शुरुआत सुबह ध्वजारोहण से हुई, जिसके बाद साध्वी मंडल द्वारा प्रेरणादायक प्रवचन प्रस्तुत किए गए। साध्वी यशोधरा, साध्वी ऋजुयशा और साध्वी तरुणयशा ने भगवान महावीर के सिद्धांतों को सरल और प्रभावी शब्दों में समझाया।
इसके बाद रथ यात्रा का आयोजन किया गया, जो जैन औषधालय प्रांगण से शुरू होकर नागोरी गेट और शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए पुनः मंदिर प्रांगण में समाप्त हुई। यात्रा के दौरान श्रद्धालु भजनों, जयघोष और धार्मिक झांकियों के साथ उत्साहपूर्वक शामिल हुए। भाजपा के वरिष्ठ नेता प्रवीण जैन इस कार्यक्रम के अति विशिष्ट अतिथि रहे। इस आयोजन को सफल बनाने में दिगंबर जैन पंचायत और जैन श्वेतांबर 13 पंथी सभा के प्रधान प्रमोद जैन, एसएस जैन सभा के प्रधान प्रवीण जैन और सकल जैन समाज के लोगों का योगदान रहा।