हिसार। जिले में 21 जून को 15 केंद्रों पर आयोजित की जाने वाली नीट 2026 को लेकर डीसी महेंद्र पाल ने वीरवार को केंद्र अधीक्षकों,जिला शिक्षा अधिकारी, पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक की। केंद्र अधीक्षकों से सीसीटीवी तथा जैमर लगाने की रिपोर्ट ली गई। डीसी महेंद्र पाल ने कहा कि 20 जून से पहले हर एक केंद्र अपनी रिपोर्ट जमा कराए।
सभी केंद्रों की क्लीयरेंस रिपोर्ट के बाद ही परीक्षा की अनुमति दी जाएगी। जिले में 21 जून के दिन धारा 163 की पाबंदिया लागू होंगी। सुबह 8 बजे से शाम 6:15 बजे तक जिले के सभी परीक्षा केंद्रों के आसपास स्थित फोटोस्टेट की दुकानें बंद रहेंगी। लघु सचिवालय कांफ्रेंस हॉल में जिले में नीट 2026 को लेकर नियुक्त किए गए नोडल अधिकारियों, केंद्र अधीक्षकों,पुलिस अधिकारियों, एनटीए के अधिकारियों की बैठक को संबोधित करते हुए डीसी हर एक अधिकारी की जिम्मेदारी तय होगी। किसी भी अधिकारी- कर्मचारी की लापरवाही मिली तो सख्त कार्रवाई की जाएगी।
हर केंद्र अधीक्षक अपने केंद्र के लिए जिम्मेदार होगा। केंद्र के अंदर प्रवेश को लेकर एनटीए के मानकों की पूरी तरह से पालना करनी होगी। किसी भी तरह की दिक्कत होने पर तुरंत उच्च अधिकारियों को अवगत कराएं। परीक्षा को लेकर अफवाह फैलाने वालों पर पैनी नजर रखें। अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र तक पहुंचाने में रोडवेज व जिला प्रशासन के अधिकारी सहयोग करें। 21 जून को पुलिस की गाड़ियों की शहर में लगातार गश्त रहेगी।