हिसार। पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट ने हरियाणा की अदालतों में कार्यरत अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीशों के तबादलों और नई नियुक्तियों के लिए बड़ा आदेश जारी किया है। आदेश के तहत 27 जजों की पोस्टिंग और ट्रांसफर किए गए हैं। इनमें हिसार कोर्ट में भी महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं। इसमें हिसार में चार जजों के तबादले किए गए हैं।
चंडीगढ़ स्थित सीबीआई कोर्ट की जज अलका मलिक को हिसार कोर्ट में सेशन जज के तौर पर नियुक्त किया गया है। वहीं फतेहाबाद फैमिली कोर्ट की जज नताशा शर्मा को हिसार में अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश बनाया गया है। इसके अलावा हिसार में कार्यरत अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश डॉ. परमिंदर कौर को उसी जिले में पदस्थ बनाए रखने का निर्णय लिया गया है। हिसार की अदालत में तैनात प्रिंसिपल जज पूनम सुनेजा को जींद में जिला एवं सत्र न्यायाधीश नियुक्त किया है।
हाईकोर्ट ने इस बार फैमिली कोर्ट, फास्ट ट्रैक स्पेशल कोर्ट और प्रमुख पीठों पर जजों की नई नियुक्तियां की हैं। खास तौर पर चाइल्ड रेप मामलों के त्वरित निपटारे के लिए पंचकूला, फरीदाबाद और गुरुग्राम में फास्ट ट्रैक विशेष अदालतें स्थापित की गई हैं। मंगलवार व बुधवार को अदालत में अवकाश के चलते जज वीरवार से नए स्थानों पर ज्वाइनिंग देंगे। जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष संदीप बूरा ने कहा कि सामान्य प्रक्रिया के चलते तबादले हुए हैं। पुराने जजों को विदाई व नए जजों का स्वागत कार्यक्रम रहेगा।