हिसार में आदमपुर के मंदिर में टूटा पड़ा दान पात्र।
हिसार। आदमपुर के जवाहर नगर स्थित रामदेव मंदिर में शनिवार रात चोर दानपात्रों को तोड़कर उनमें रखी राशि चुराकर ले गए। सुबह करीब पांच बजे मंदिर के पुजारी सतीश द्विवेदी ने दरवाजा खोला तो चोरी होने का पता लगा। चोरी की वारदात की सूचना आदमपुर पुलिस को दी तो थाने से एएसआई रोहताश कुमार मौके पर पहुंचे। जांच के दौरान दो दानपात्र मंदिर के पास खाली प्लाॅट में मिले जबकि एक मंदिर में मिला। करीब दो हजार रुपये की चोरी हुई है।
पुलिस को दी शिकायत में पुजारी सतीश द्विवेदी ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के अनुसार 12 जुलाई की रात करीब साढ़े 12 बजे मंदिर में चोरी हुई है। फुटेज खंगाली तो चोर साफ नजर आ गया जिसे पहचान लिया गया। आरोपी उनके मोहल्ले का ही रहने वाला है। जांच अधिकारी एएसआई रोहताश ने बताया कि पुजारी की शिकायत के आधार पर वासु नामक युवक को नामजद करते हुए उसके खिलाफ केस दर्ज किया है।