क्षेत्र के एक सरकारी स्कूल में छात्राओं से छेड़छाड़ मामले में आरोपियों के खिलाफ दर्ज किए गए केस में पुलिस ने एससी-एसटी एक्ट की धारा भी जोड़ दी है। वहीं शिक्षा विभाग ने मामले के आरोपी लैब सहायक, पीटीआई व कंप्यूटर टीचर को सस्पेंड कर दिया है। उधर, विभाग की एक चार सदस्यीय कमेटी भी शुक्रवार को स्कूल में जांच के लिए पहुंची।
बता दें कि 16 दिसंबर को बाल संरक्षण अधिकारी सुनीता यादव विद्यार्थियों को बाल अधिकारों, गुड टच-बैड टच, पोक्सो एक्ट, जेजे एक्ट एवं किशोर न्याय अधिनियम विषय की जानकारी देने के लिए स्कूल पहुंची थीं। इस दौरान कुछ छात्राओं ने बताया कि उनके साथ विद्यालय के अध्यापक छेड़छाड़ करते थे और उनका शारीरिक शोषण हुआ है। इस पर सुनीता यादव ने एक कमरे में ले जाकर छात्राओं से बात की और मामला जाना। जानकारी लेने के बाद सुनीता यादव ने आदमपुर थाना प्रभारी को लिखित शिकायत देकर तीनों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज करवाया था। इसके बाद पुलिस ने आरोपी पीटीआई टीचर व लैब सहायक को गिरफ्तार किया था। इस मामले में आरोपी कंप्यूटर टीचर अभी भी फरार है।
पीड़ित में से एक छात्रा है अनुसूचित जाति से
इस मामले में पीड़ित छात्राओं में से एक छात्रा अनुसूचित जाति से संबंध रखती है। इस कारण से पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एससी-एसटी एक्ट की धारा भी जोड़ दी है। इससे पहले तक आरोपियों के खिलाफ जेजे व पॉक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया था।
रिपोर्ट तैयार करने के लिए टीम पहुंची स्कूल
शुक्रवार को डिप्टी डीईओ अनीता सिंगला, चंद्रकला, बीईओ अग्रोहा ज्ञान सिंह व बीईओ हिसार-2 सुनीता पूनिया मामले की रिपोर्ट तैयार करने के लिए स्कूल में गईं। इस दौरान टीम के सदस्यों ने पीड़ित छात्राओं से बातचीत की। साथ ही स्कूल के शिक्षकों से भी मामले की रिपोर्ट ली। इस टीम को शनिवार तक अपनी रिपोर्ट डीईओ को देनी है। डीईओ की तरफ से यह रिपोर्ट उपायुक्त के समक्ष प्रस्तुत की जाएगी। साथ ही यह रिपोर्ट शिक्षा विभाग के उच्च अधिकारियों को भी आगामी कार्रवाई के लिए भेजी जाएगी।
वर्जन
इस मामले में चार सदस्यीय कमेटी बनाई गई है। यह कमेटी शनिवार को मुझे रिपोर्ट सौंपेगी। इस मामले के सभी आरोपियों को सस्पेंड कर दिए गए हैं।
- नीता अग्रवाल, जिला शिक्षा अधिकारी
वर्जन
इस मामले में तीनों आरोपियों के खिलाफ एससी-एसटी की धारा भी जोड़ दी है। तीसरे आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
- रमेश कुमार, थाना प्रभारी, आदमपुर