हिसार। सोना बेचने के नाम पर एक कंपनी से 10.75 लाख रुपये हड़पने के आरोप में अर्बन एस्टेट थाना पुलिस ने महाबीर कॉलोनी निवासी एक व्यक्ति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। आरोप है कि गिरवी रखा सोना बेचने का सौदा तय करने के बाद आरोपी ने कंपनी से अपने खाते में रकम डलवा ली और मौके से फरार हो गया।
जांच अधिकारी विनोद सांगवान ने बताया कि राजस्थान के राजसमंद जिले के गांव झालो की मदार निवासी राहुल जोशी ने शिकायत दी है। राहुल मुंबई स्थित आईजीटी इंडिया गोल्ड ट्रेडिंग कंपनी में कार्यरत हैं। उन्होंने बताया कि उनकी कंपनी सोशल मीडिया विज्ञापनों के माध्यम से सोना खरीदने का काम करती है।
शिकायत के अनुसार करीब एक सप्ताह पहले महाबीर कॉलोनी निवासी सुनील सैनी ने कंपनी से संपर्क कर बताया कि उसका लगभग 114 ग्राम सोना मुथूट फिनकॉर्प में गिरवी रखा हुआ है, जिसे वह बेचना चाहता है। कंपनी ने प्रक्रिया और नियमों की जानकारी दी, जिस पर सुनील ने सहमति जताई।
11 जून को कंपनी ने राहुल जोशी को सौदा पूरा करने के लिए हिसार भेजा। राहुल सुनील के घर पहुंचे, जहां कंपनी की प्रक्रिया के अनुसार सत्यापन और सोना छुड़वाने के लिए ऑनलाइन एग्रीमेंट किया गया। एग्रीमेंट पर सुनील और उसकी पत्नी निर्मला ने डिजिटल हस्ताक्षर किए।
इसके बाद दोनों बैंक ऑफ बड़ौदा की जिंदल चौक शाखा पहुंचे। सुनील ने मुथूट फिनकॉर्प में भुगतान के लिए आरटीजीएस फार्म और चेक भरकर दिया। कंपनी ने उसके खाते में 10.75 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए। आरोप है कि बैंक में दस्तावेज जमा कराने के दौरान सुनील मौका पाकर बाहर खड़ी अपने परिचित की बाइक पर बैठकर फरार हो गया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।