हुडा के कर्मचारियों द्वारा पाइप लगाकर पानी चोरी करने के मामले में अर्बन एस्टेट थाना पुलिस ने सिंचाई विभाग के एसडीओ आनंद कुमार की शिकायत में हुडा के दो नामजद अधिकारियों व 5-6 अन्य कर्मचारियों के खिलाफ मारपिटाई करने, सरकारी काम में बाधा पहुंचाने, जान से मारने की धमकी देने सहित कई धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। जांचकर्ता एसआई प्रह्लाद सिंह के अनुसार शिकायत पर हुडा विभाग के जेई धर्मबीर बूरा, वाटर पंप ऑपरेटर जगत और 5-6 अन्य कर्मचारियों के खिलाफ धारा 147, 149, 332, 186, 506 के तहत केस दर्ज किया गया है।
उल्लेखनीय है कि सिंचाई विभाग के अधिकारियों ने हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण के कर्मचारियों को शुक्रवार शाम तोशाम रोड पर बनी नहर से नहरी पानी चोरी करते पकड़ा। पानी नहर से सीधी चार पाइप लगाकर चोरी किया जा रहा था। बाद में प्राधिकरण के जेई भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने कर्मचारियों के साथ मिलकर सिंचाई विभाग के एसडीओ और एक्सईएन के साथ तू-तड़ाक की। दोनों पक्षों में पहले तो बहसबाजी हुई, बाद में नौबत हाथापाई तक पहुंच गई। तोशाम रोड पर हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण का जलघर है, जिससे सेक्टरों में पानी सप्लाई की जाती है। इसी जलघर के पीछे नहर जा रही है। प्राधिकरण अधिकारियों ने सिंचाई विभाग से छह इंच की पाइप लगाने की अनुमति ली थी, मगर शुक्रवार दोपहर को आठ इंची चार पाइप लगाकर हुडा कर्मचारी नहर से पानी जलघर में चोरी कर रहे थे। इसकी भनक सिंचाई विभाग के एसडीओ आनंद श्योराण व एक्सईएन रमेश कुमार को लग गई। दोनों अधिकारी टीम के साथ मौके पर पहुंच गए और प्राधिकरण कर्मचारियों को चोरी करते पकड़ा था।