बालसमंद रोड पर नहर पार जोहड़ी के पास रविवार शाम एक बाइक को पीछे से कार ने टक्कर मार दी। इस हादसे में मिर्जापुर रोड स्थित श्रीनगर कॉलोनी की 24 साल की गीता की मौत हो गई और उसका पति राकेश व दो बच्ची घायल हो गए। चालक कार छोड़कर फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार श्रीनगर कॉलोनी निवासी राकेश ऑटो मार्केट में मेकेनिक है। वह शाम करीब सात बजे पत्नी गीता व चार साल की बेटी प्राची व भतीजी मानवी के साथ बाइक पर ससुराल गांव बालसमंद में जा रहा था। वे नहर पार कर जोहड़ी के पास पहुंचे तो पीछे से तेज गति में आई एक कार ने बाइक को टक्कर मार दी। बाइक गिर गई और राकेश समेत चारों घायल हो गए। आजाद नगर निवासी ताराचंद वहां से कार में जा रहे थे। उन्होंने कार रोकी और घायलों की मदद कर उनको एक निजी अस्पताल में पहुंचाया। जहां गीता ने दम तोड़ दिया। लोक इकट्ठे हुए तो आरोपी चालक कार छोड़कर फरार हो गया। शव का पोस्टमार्टम सोमवार को सिविल अस्पताल में किया गया। सदर थाना पुलिस ने कार चालक के खिलाफ केस दर्ज किया है।