हांसी (हिसार)। सोरखी गांव के पास रविवार देर रात को कार के सामने अचानक आए बेसहारा पशु को बचाने के प्रयास में असंतुलित कार 20 फुट गहरी ड्रेन में जा गिरी। हादसे में कार सवार उमरा निवासी 33 वर्षीय डॉ. सतीश और उसके 24 वर्षीय दोस्त बॉडी बिल्डर राकेश की मौत हो गई। दोनों दोस्त मुंढाल जा रहे थे। सोमवार सुबह क्रेन की मदद से कार को बाहर निकाला गया और दोनों शवों का हांसी के नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया।
उमरा निवासी परमजीत ने बताया कि उसका भाई राकेश बॉडी बिल्डर था। उसका दोस्त डॉ. सतीश गांव में प्रेक्टिस करता था। रविवार रात को दोनों कार से मुंढाल अपने दोस्त विपिन के पास जा रहे थे। सोरखी गांव के पास अचानक कार के सामने पशु आ गया और कार ड्रेन में जा गिरी। हादसे के बाद 11 बजकर 20 मिनट पर राकेश ने फोन कर बताया कि उनका एक्सीडेंट हो गया है और उसे धुंधला दिखाई दे रहा है। इसके बाद फोन बंद हो गया। पता चलने पर वे मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। सोमवार तड़के क्रेन की मदद से कार को बाहर निकाला तो दोनों के शव कार में ही थे। मामले की जांच कर रहे एएसआई रमेश कुमार ने बताया कि बॉडी बिल्डर राकेश और चिकित्सक सतीश के शव का पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंप दिया है।
राकेश अविवाहित तो सतीश के हैं दो बच्चे
बॉडी बिल्डर राकेश अविवाहित था। माता-पिता का देहांत हो चुका है। चिकित्सक सतीश दूहन शादीशुदा है, उसकी तीन साल की बेटी और डेढ़ साल का बेटा है। सतीश दूहन का छोटा भाई जम्मू कश्मीर आर्मी में क्लर्क के पद पर तैनात है।