हिसार। मंगाली गांव के पास अनियंत्रित कार के पेड़ से टकराने से घायल हुई बाड्या ब्राह्माण गांव निवासी पूजा (20) की मौत हो गई। पूजा अपनी चचेरी बहन संतोषी की शादी के लिए मेकअप कराने हिसार आ रही थी। पुलिस ने मंगलवार को सिविल अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया। वहीं, हादसे में कार में सवार तीन अन्य लोगों को मामूली चोटें आई हैं।
आजाद नगर थाना पुलिस को दिए बयान में गांव बाड्या ब्राह्माण निवासी सुरेश कुमार ने बताया कि उसकी बेटी पूजा हिसार की आईटीआई में पढ़ती थी। 16 अप्रैल को भतीजी संतोष की शादी है। सोमवार 14 अप्रैल दोपहर पूजा, भतीजी संतोष और पूजा का ममेरा भाई अंकुश व परिवार का एक युवक कार में सवार होकर हिसार आ रहे थे। मंगाली गांव के पास अचानक कार का संतुलन बिगड़ गया और कार सड़क किनारे एक पेड़ से जा टकराई। हादसे में कार की पिछली सीट पर बैठी पूजा गंभीर घायल हो गई, जबकि तीन अन्य को मामूली चोटें आईं। पूजा को निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। जांच अधिकारी सुखबीर सिंह ने बताया कि परिजनों के बयान पर इत्तफाकिया कार्रवाई की है।
डीजे-संगीत कार्यक्रम रद्द : गांव के सरपंच राजबीर सिंह ने बताया कि पूजा की मौत के बाद गांव में गमगीन माहौल है। 16 अप्रैल को संतोष की शादी का कार्यक्रम छोटा कर दिया है। 5-10 लोग ही शादी के लिए आएंगे। किसी तरह का संगीत, डीजे, व्यंजन का कार्यक्रम नहीं रहेगा। लड़की के फेरे ही कराए जाएंगे। मंगलवार शाम को गांव में पूजा का अंतिम संस्कार कर दिया है।