हिसार-हांसी रेल मार्ग पर शिव कॉलोनी के पास मानव रहित क्रॉसिंग पर शुक्रवार शाम एक मालगाड़ी ने वैगनआर कार को चपेट में ले लिया। कार करीब 10 मीटर घसीटती गई और कार चालक घायल हो गया। आरपीएफ ने मामले की जांच शुुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार शिव कॉलोनी निवासी एवं एचडीएफसी बैंक का कर्मचारी सुनील कुमार शुक्रवार शाम साढे़ छह बजे अपनी वैगनआर कार में सूर्यनगर से मानव रहित रेलवे क्रॉसिंग पार कर रहा था। तभी शहर से हांसी की तरफ मालगाड़ी जा रही थी। सुनील मालगाड़ी की परवाह किए बिना कार रोकने की बजाय क्रॉसिंग पार करने लगा।
तभी मालगाड़ी ने कार का पिछला हिस्सा कंडक्टर साइड वाली दिशा से चपेट में ले लिया। मालगाड़ी कार को करीब 10 मीटर घसीटते ले गई। आखिरी छोर तक जाने तक कार का अगला हिस्सा शहर की तरफ घूम चुका था। कार क्षतिग्रस्त हो गई और चालक सुनील घायल हो गया। मालगाड़ी को चालक ने रोक लिया। इस हादसे के कारण मौके पर लोगों का जमावड़ा लग गया। फिर कुछ लोग घायल चालक को दूसरी कार में एक प्राइवेट अस्पताल में ले गए।
मालगाड़ी रुकी रही
हादसे के बाद मालगाड़ी हादसास्थल पर करीब 20 मिनट रुकी रही। आरपीएफ और रेलवे अधिकारी पहुंचने के बाद मालगाड़ी मौके से रवाना हुई। हादसे के बाद रेलवे क्रॉसिंग पर लोगों का जमावड़ा लग गया। आरपीएफ ने कार चालक के बारे में पूरी जानकारी जुटाकर कार्रवाई शुरू कर दी है।