जीएसटी लागू होने से हरियाणा में एक लाख करोड़ रुपये का निवेेेश आएगा। हरियाणा की जीडीपी में तेजी से उछाल आएगा। देश की तरक्की के साथ प्रदेश के विकास की नई राहें खुलेंगी। जिसका हर किसी को लाभ पहुंचेगा।
यह बात वित्त मंत्री कैप्टन अभिमन्यु ने वीरवार को जीजेयू के चौधरी रणबीर सिंह सभागार में दो दिवसीय नेशनल कन्वेंशन फॉर सीए में स्टूडेंट्स से कही। उन्होंने कहा कि देश की अर्थव्यवस्था का आकार बढे़गा।
कर प्रणाली में एकरूपता आने के बाद सारा काम एक नंबर में होगा। कर के मामले में पारदर्शिता आएगी। आधार कार्ड लिंक होने के बाद सरकारी स्कूलों मेें चार लाख फर्जी स्कूली बच्चों का खुलासा हुआ।
करीब 23 लाख फर्जी पेंशन धारकों में दो लाख फर्जी मिले। प्रदेश में सात से आठ लाख लोग फर्जी तरीके से केरोसीन ले रहे हैं। एक नवंबर से यह बंद हो जाएगा। हजारों की संख्या में एससी स्टूडेंट्स के नाम पर फर्जी तरीके से स्कॉलरशिप वसूली जा रही थी। यह सब आधार लिंक होने के बाद बंद हो रहा है।
फसल बीमा का विरोध करने वाले किसानों के दुश्मन
मीडिया से बातचीत करते हुए कैप्टन अभिमन्यु ने कहा कि फसल बीमा योजना का विरोध करने वाले किसानों को दुश्मन हैं। हमने मामूली प्रीमियम पर किसानों को बीमा दिया है। किसानों को मद्द करने के लिए एक एकड़ पर हजारों का प्रीमियम केंद्र व प्रदेश सरकार दे रही हैं। पिछले दो साल में हमने जितना मुआवजा किसानों को दिया उतना इनेेलो, कांग्रेस ने पिछले दशकों में नहीं दिया।
हिंदी को आगे बढ़ाएं
कैप्टन अभिमन्यु ने कहा कि चीन की तरह लेखा कार्य हिंदी में करें तो यह अर्थ व्यवस्था के लिए बेहतर होगा। चीन में गूगल नहीं चलता वहां का चीनी भाषा का सर्च इंजन वायडू काम करता है। वहां अली बाबा सबसे बड़ी आनलाइन कंपनी है। इस तरह से हम हिंदी में काम करते हुए आगे बढ़ सकते हैं। मोबाइल बैंकिंग के युग में हिंदी के नए सॉफ्टवेयर तैयार करें।
यह रहे मौजूद
इस मौके पर सीमा गैबीपुर, भाजपा जिला सचिव कृष्ण बिश्नोई, एडवोकेट योगेश सिहाग, प्रो. मनदीप मलिक, पूर्व जिला अध्यक्ष रवि सैनी, महामंत्री सुजीत कुमार, अजय सिंधु, सत्यपाल श्योराण, जिला पार्षद कृष्ण सरसाना सहित अन्य उपस्थित थे।
कैप्टन बोले मैं भी सीए
कैप्टन अभिमन्यु ने कहा कि मंच पर सभी के नाम के आगे सीए लिखा हुआ था। मैं भले ही चार्टेड अकाउंटेंट न हूं, लेकिन सीए जरूर हूं। नाम कैप्टन अभिमन्यु को सीए लिखा जाता है। उन्होंने कहा मेरे परिवार के सदस्य मुझे सीए का कोर्स कराना चाहते थे।