हिसार। भिवानी में रविवार को होने वाले राज्यस्तरीय महाराजा गुरु दक्ष प्रजापति जयंती कार्यक्रम के लिए हिसार डिपो की बसें शनिवार को गांवों में भेज दी गईं। अब रविवार सुबह गांवों से लोगों को लेकर बसें भिवानी के लिए रवाना होंगी। ऐसे में यात्रियों को परेशानी उठानी पड़ी। बसों की सुविधा लेने के लिए यात्री भटकते रहे।
दोपहर बाद से हिसार डिपो की बसों को रवाना किया गया। इस कारण यात्रियों को लोकल से लेकर लंबे रूट पर बसों की समस्या झेलनी पड़ी। रोडवेज अधिकारियों की मानें तो हिसार डिपो की 164 बसें भेजी गई हैं। वहीं, रविवार को भी यात्रियों की बसों को लेकर परेशानी उठानी पड़ेगी।
कार्यक्रम खत्म होने पर दोपहर बाद बसें भिवानी से हिसार के लिए चलेगी। ऐसे में यात्रियों को सुबह के समय बसें नहीं मिल पाएगी। लोकल से लेकर लंबे रूट प्रभावित होंगे। वहीं, शनिवार शाम तक यात्री बस स्टैंड पर बसों का इंतजार करते रहे। मगर उन्हें निराशा हाथ लगी। काफी यात्रियों ने निजी वाहनों का सहारा लिया और अपने गंतव्य की ओर रवाना हुए। शनिवार को तोशाम, मिंगनीखेड़ा, आदमपुर, घुडसाल, काबरेल, सीसवाला, खारिया डोभी, लितानी, उकलाना, दुर्जनपुर, भूना, स्याहड़वा, राजगढ़ आदि रूट पर यात्रियों को बसों की सुविधा नहीं मिली।