हादसे के दौरान सड़क के नीचे उतरी बस।
- फोटो : Hisar
शेखपुरा गांव के समीप रोडवेज बस ने मोटरसाइकिल को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में बस भी सड़क किनारे गड्ढों में पलट गई। घटना में बाइक सवार तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए और बस में सवार कुछ यात्रियों को भी चोटें आईं। राहगीरों ने बाइक सवार घायल युवकों को सिविल अस्पताल में पहुंचाया, जहां से तीनों युवकों को गंभीर हालत के चलते हिसार रेफर कर दिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार जगदीश कॉलोनी निवासी तीन दोस्त नितिन, राजेश व बलराज बाइक पर नारनौंद की तरफ जा रहे थे। सिविल अस्पताल में मौजूद स्वजनों ने बताया कि युवक प्लंबर का काम करते हैं और रविवार सुबह कुंभा गांव की तरफ काम करने जा रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि रोडवेज बस व बाइक की टक्कर हो गई, जिसमें युवक जोरदार टक्कर के कारण सड़क पर गिर गए। हादसे में चालक भी बस से नियंत्रण खो बैठा और बस गड्ढों में जा पलटी। आसपास के ग्रामीण भी सहायता के लिए दुर्घटनास्थल पर पहुंच गए। बस में सवार यात्रियों को हल्की चोटें आईं, जिन्हें मौके पर ही सरकारी एंबुलेंस द्वारा प्राथमिक उपचार देकर अन्य बस से उनके गंतव्य के लिए रवाना किया गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और घायलों के बयान दर्ज कर कार्रवाई शुरू की गई है।