हिसार। गांव कैमरी में दुकान पर बैठे दो सगे भाइयों पर 5 युवकों ने हमला कर दिया। इस दौरान आरोपियों ने एक भाई पर धारदार हथियार से हमला किया। साथ ही उसकी सोने की चेन छीन ली। वहीं दूसरे भाई से भी मारपीट की। हमले के बाद घायल एक भाई को नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया। जांच अधिकारी दलबीर सिंह ने बताया कि घायल सावन व गुलशन के बयान पर आरोपी अमित, विजय, रोहित सुनील व अरुण के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
पुलिस को दी शिकायत में नागरिक अस्पताल में उपचाराधीन कैमरी गांव निवासी सावन ने बताया कि व मजदूरी करता है जबकि उसका भाई गुलशन की गांव में चिकन की दुकानहै। शनिवार सुबह साढ़े 9 बजे वह गुलशन के साथ दुकान पर बैठा था। इस दौरान सुनील अपने साथी रोहित, अरुण, अमित व विजय के साथ आया और दुकान के बाहर गाली गलौज करने लगा। भाई ने विरोध किया तो आरोपी उसके साथ मारपीट करने लगे। जब सावन ने बीच बचाव किया तो एक आरोपी ने उसके मुंह पर पंच मारा, जबकि विजय ने सिर पर ईंट और रोहित ने धारदार हथियार से हमला किया। आरोपियों ने सावन के गले से सोने की चेन भी झपट ली। सावन ने बताया कि हमले से एक दिन पहले गुलशन और आरोपी सुनील के पिता रामनिवास के साथ कहासुनी हुई थी। इसी रंजिश में हमला किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।