हिसार। जमीन के लालच में जीजा ने अपने साले कालीरावण निवासी ओमप्रकाश की हत्या की थी। पहले दोनों ने नहर किनारे बैठकर शराब पी फिर नशे में ओमप्रकाश को सिद्धमुख नहर में धक्का दे दिया था। यह खुलासा हत्या के मामले में गिरफ्तार आरोपी भाणा निवासी विनोद ने अग्रोहा पुलिस की पूछताछ के दौरान किया। पुलिस ने आरोपी विनोद से वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक और मोबाइल फोन बरामद किया है। इस संबंध में अग्रोहा थाना पुलिस ने मृतका की मां मैना देवी के बयान पर बेटे और दामाद की गुमशुदगी का केस दर्ज किया था।
ओमप्रकाश के हिस्से में आती थी 8 एकड़ जमीन
थाना प्रभारी निरीक्षक बलवंत सिंह ने बताया कि आरोपी विनोद रिश्ते में मृतक ओमप्रकाश का जीजा लगता है। ओमप्रकाश अपने परिवार में इकलौता था और उसके तीन बहने हैं। एक बहन की शादी आरोपी विनोद के साथ हुई है। ओमप्रकाश के हिस्से में 8 एकड़ आती है। विनोद ने साजिश रची कि अगर ओमप्रकाश को मार दे तो उसके हिस्से की जमीन उसकी बहनों के नाम हो जाएगी। उसके हिस्से में भी कुछ जमीन आएगी। आरोपी ने योजनानुसार 3 मार्च को अपने साले ओमप्रकाश को साथ लेकर कालीरावण गांव के आगे सिद्धमुख नहर पर लेकर गया। वहां पर नहर किनारे बैठ कर दोनों ने शराब पी। शराब पीने के उपरांत विनोद ने ओमप्रकाश को नहर में धक्का दे दिया जिस कारण डूबने से उसकी मौत हो गई थी। घटना के बाद ओमप्रकाश का शव राजस्थान के नोहर एरिया से बरामद हुआ था। उक्त मामले में आरोपी विनोद को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।