हिसार। बीएंडआर के अधिकारी निर्माणाधीन सूर्य नगर रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) के आड़े आ रही सीवर लाइन की शिफ्टिंग को लेकर असमंजस में हैं। दो माह बाद भी अधिकारी इसे लेकर कोई अंतिम फैसला नहीं ले सके हैं। उधर, जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारी का कहना है कि उनकी तरफ से लाइन शिफ्टिंग को लेकर करीब दो माह पहले बीएंडआर को बीटी बिल दिया जा चुका है, लेकिन अभी तक बजट उपलब्ध नहीं कराया गया है।
बता दें कि पिछले वर्ष अक्तूबर में रेलवे के हिस्से में पाइल बिछाते समय अचानक जमीन से पानी निकलने लगा। खोदाई करने पर पता चला कि एक सीवर लाइन यहां से गुजर रही है, जो कि पाइल बिछाने के दौरान क्षतिग्रस्त हो गई। इस पर एजेंसी ने लाइन की मरम्मत कर दी और पाइल बिछाने का काम पूरा कर दिया। साथ ही फैसला हुआ कि इस लाइन को शिफ्ट किया जाएगा। इसके बाद ही पिलर का निर्माण किया जाएगा। इसे लेकर जनस्वास्थ्य विभाग ने बीएंडआर के पास करीब 45 लाख रुपये का एस्टीमेट तैयार करके भेज दिया, जिसमें करीब 20 लाख रुपये रेलवे लाइन के भी शामिल हैं।
पूरी लाइन शिफ्ट करे या पिलर के पास ही लाइन मोड़ दे, फैसला नहीं
बीएंडआर इसमें दो विकल्पों पर विचार कर रहा है। बीएंडआर की मानें तो एक विकल्प यह है कि इस पूरी लाइन को ही शिफ्ट करे या सिर्फ निर्माणाधीन पिलर के पास से ही लाइन को मोड़ दे। चूंकि अगर पूरी लाइन (करीब 170 फुट) को ही शिफ्ट किया जाता है तो रेलवे की मंजूरी लेनी होगी, क्योंकि यह सीवर लाइन सूर्य नगर फाटक के नीचे से गुजर रही है। दूसरा विकल्प यह है कि पिलर से थोड़ी दूर पर पाइप को मोड़ दे और फाटक से पहले ही पुरानी लाइन में इसे जोड़ दें। इन दोनों विकल्प में एक विकल्प पर अंतिम फैसला न लेने से पिलर का निर्माण रुका पड़ा है। हालांकि सूत्रों के मुताबिक इस सीवर को पहले भी शिफ्ट किया जा चुका है। मगर, आरओबी की ड्राइंग में बदलाव होने से यह लाइन दोबारा से अड़चन बन गई।
डेडलाइन पूरी होने में साढ़े 4 माह का समय बचा
30 मई को इस प्रोजेक्ट की डेडलाइन पूरी हो जाएगी। अभी भी रेलवे वाले हिस्से में चार पिलर, 20 गार्डर की लॉन्चिंग, 4 स्लैब व दो अंडरपास के बॉक्स की लॉन्चिंग का काम बचा हुआ है। विशेषज्ञों की मानें तो इस काम के लिए कम से कम 6 माह का समय लगेगा। इस हिसाब से यह प्रोजेक्ट मई तक पूरा होने की संभावना कम ही है। पुरानी डेडलाइन के मुताबिक इस प्रोजेक्ट को पिछले वर्ष अगस्त में पूरा करना था। इस प्रोजेक्ट की डेडलाइन दो बार बढ़ाई जा चुकी है।
इन कॉलोनियों को मिलेगा फायदा
इस प्रोजेक्ट के पूरा होने से सूर्य नगर, अर्बन एस्टेट, विद्युत नगर, शिव कॉलोनी, सेक्टर 1-4, सेक्टर 3-5, महावीर कॉलोनी सहित मिल गेट एरिया के लोगों को काफी फायदा होगा। इस आरओबी की लंबाई 1185 मीटर है। इस प्रोजेक्ट की लागत करीब 70 करोड़ रुपये है।
-----------------
वर्जन
हमने बीएंडआर को सीवर लाइन शिफ्टिंग के लिए 45 लाख रुपये का बीटी बिल दिया हुुुआ है। दो माह बाद भी बीएंडआर ने हमें बजट उपलब्ध नहीं करवाया है।
गिरीश कुमार, एसडीओ, जनस्वास्थ्य विभाग