बरवाला। पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, बालक ने जिलास्तर पर आयोजित मुख्यमंत्री विद्यालय सौंदर्यीकरण पुरस्कार में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। इस उपलब्धि के साथ विद्यालय को एक लाख रुपये की राशि और प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया। पुरस्कार शिक्षा विभाग, हरियाणा की ओर से विद्यालयों में स्वच्छता, सौंदर्यीकरण, नवाचार और समग्र विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से दिया जाता है।
विद्यालय के प्राचार्य रमेश यादव ने बताया कि इस वर्ष जिले के सभी नौ खंडों में खंडस्तर पर विजेता रहे विद्यालयों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा हुई। पीएम श्री जीएसएसएस बालक ने अपनी उत्कृष्ट व्यवस्थाओं, नवाचार और स्मार्ट कक्षाओं के आधार पर प्रथम स्थान हासिल किया। जिला स्तरीय समिति ने विद्यालय के भवन और फर्नीचर, कार्यालय व्यवस्था, प्रयोगशाला, कंप्यूटर लैब, पुस्तकालय, रसोईघर, पानी और सफाई व्यवस्था, खेल मैदान व सामग्री, जल निकासी और जल संरक्षण सहित अन्य व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया।
विद्यालय प्रबंधन, स्टाफ, विद्यार्थियों और ग्राम पंचायत सदस्यों ने इसे टीमवर्क और निरंतर प्रयासों का परिणाम बताया। क्षेत्र के प्रबुद्धजनों, अभिभावकों और शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने विद्यालय परिवार को बधाई दी और उम्मीद जताई कि यह विद्यालय भविष्य में भी उत्कृष्ट कार्य करता रहेगा और अन्य विद्यालयों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगा।
इन व्यवस्थायों के लिए मिला इनाम
समिति ने परिसर के बगीचे, पौधों की स्थिति, विद्यार्थियों का अनुशासन, यूनिफॉर्म, मिड डे मील वितरण, प्रार्थना सभा, बिजली उपकरण और अग्निशमन यंत्र, राज्य व राष्ट्र के मानचित्र, प्रेरक वचन, शौचालय और कचरा निपटान जैसी व्यवस्थाओं का भी मूल्यांकन किया। अतिरिक्त उपायुक्त विकास यादव की अध्यक्षता में गठित समिति ने स्वच्छ परिसर, हरियाली, छात्र-हितैषी वातावरण, दीवार चित्रण और रचनात्मक गतिविधियों के आधार पर विद्यालय का चयन किया।