नारनौंद में ड्यूटी के दौरान काले बिल्ले लगाकर काम करते बहुउद्देश्यीय स्वास्थ्य कर्मचारी।
नारनौंद। बहुउद्देश्यीय स्वास्थ्य कर्मचारी (एमपीएचई) एसोसिएशन हरियाणा के आह्वान पर बुधवार को नारनौंद खंड के पुरुष एवं महिला बहुउद्देश्यीय स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं ने काली पट्टी बांधकर विरोध जताया। आंदोलन के तहत पूरे प्रदेश में स्वास्थ्य संबंधी सभी ऑनलाइन कार्यों का बहिष्कार किया जा रहा है, जिससे सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं की डिजिटल निगरानी प्रभावित हुई है।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) मिर्चपुर में तैनात एमपीएचई एसोसिएशन के ब्लॉक प्रधान विनोद कुमार ने बताया कि एसोसिएशन के आह्वान पर यह विरोध 25 अक्तूबर से किया जा रहा है।
सरकार की अनदेखी के कारण प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं का डिजिटलीकरण कार्य प्रभावित हो गया है और सभी कार्य केवल कागजी तौर पर ही किए जा रहे हैं। यदि सरकार ने जल्द ही उनकी जायज मांगों को स्वीकार नहीं किया तो आंदोलन को और उग्र करना पड़ेगा।
प्रधान विनोद ने कहा कि डिजिटल बंदी का सीधा असर गर्भवतियों की पंजीकरण आधारित अल्ट्रासाउंड जांच, टीकाकरण से जुड़े कार्य, आशा सहयोगिनी पोर्टल, क्षय रोगी निक्षय पोर्टल, निरोगी हरियाणा जैसी अनेक महत्वपूर्ण सेवाओं पर पड़ा है।
प्रधान विनोद ने एमपीएचई कैडर की पदोन्नति, समान वेतनमान, कार्यभार में बढ़ोतरी का समाधान सहित कई मांगें उठाई हैं। इस विरोध, प्रदर्शन में खंड मिर्चपुर से सुमिती, वीरेंद्र, सुनीता, शीला, राजकुमारी, ममता, राजेश, प्रमोद, मनजीत आदि कर्मचारी शामिल रहे।