जिले के गांव लाडवा में 22 वर्षीय अमित कुमार और गांव की 17 साल की एक छात्रा ने जहरीला पदार्थ पीकर जान दे दी। वे दोनों वीरवार शाम से लापता थे। दोनों के परिवार वालों ने उनकी मौत पर चुप्पी साध ली, लेकिन आशंका है कि दोनों में प्रेम-प्रसंग था। वे अलग-अलग जाति से थे। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार अमित कुमार 12वीं पास था और वह परिजनों के साथ खेती के काम में हाथ बंटाता था। 17 वर्षीय किशोरी गांव के सरकारी स्कूल में 10वीं की छात्रा थी और उसका हाल ही में रिजल्ट आया था। बताया जाता है कि उसकी कंपार्टमेंट आई थी। किशोरी रोज स्कूल में खेल की प्रेक्टिस करने जाती थी। वह वीरवार शाम चार बजे स्कूल जाने की बात कहकर निकली थी, इसके बाद लौटी ही नहीं। वह करीब साढे़ सात बजे तक घर पहुंच जाती थी। वह आठ बजे तक भी घर नहीं पहुंची तो परिजनों ने उसको ढूंढना शुरू कर दिया, लेकिन उसका कुछ पता न चला। उधर, अमित भी रात को घर नहीं पहुंचा तो परिजनों को चिंता हुई।
सुबह भगाना रोड के टिब्बे पर मिले शव
ग्रामीणों ने शुक्रवार सुबह अमित और किशोरी के शव गांव से भगाना की तरफ जाने वाले रास्ते पर हैफेड गोदाम के पास टिब्बे पर पड़े देखे। इसके बाद सदर थाना पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस की टीम ने मौके पर जाकर दोनों के शव बरामद कर लिए। पुलिस ने मौके से कीटनाशक की दो खाली सीसी और प्लास्टिक का एक डिब्बा कब्जे में लिया। शवों का पोस्टमार्टम यहां सिविल अस्पताल में किया गया। दोनों के परिजनों ने मीडिया के सामने चुप्पी साधे रखी। अस्पताल परिसर में सरपंच प्रतिनिधि प्रशांत समेत काफी ग्रामीण पहुंचे थे। सदर थाना पुलिस ने इस संबंध में इत्तफाकिया कार्रवाई की है।