ऐलनाबाद। तलवाड़ा रोड पर पिछले करीब दो वर्षों से नगरपालिका द्वारा खुदवाया गया एक बोरवेल खुले और असुरक्षित अवस्था में पड़ा हुआ है, जो किसी भी समय बड़े हादसे का कारण बन सकता है। वार्ड नंबर तीन के पार्षद सुभाष चंद्र प्रेमी ने इस गंभीर लापरवाही पर चिंता व्यक्त करते हुए प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
पार्षद सुभाष चंद्र ने बताया कि नगर पालिका द्वारा तलवाड़ा रोड पर लगभग दो वर्ष पहले बोरवेल का निर्माण कराया गया था। कार्य पूरा होने के बाद इस बोरवेल को बिना ढक्कन के खुला छोड़ दिया गया, जिससे यह क्षेत्र के लोगों के लिए लगातार खतरा बना हुआ है। यह स्थान मुख्य मार्ग पर स्थित होने के कारण यहां दिन-रात वाहनों और राहगीरों की आवाजाही रहती है।
उन्होंने कहा कि रात के समय अंधेरे में यह खुला बोरवेल और अधिक खतरनाक हो जाता है। किसी भी समय कोई राहगीर, बच्चा या आवारा पशु इसमें गिर सकता है, जिससे गंभीर दुर्घटना होने की आशंका बनी रहती है। यह स्थिति प्रशासनिक लापरवाही के साथ-साथ सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों की अनदेखी भी दर्शाती है, जिनमें खुले बोरवेल को सुरक्षित ढकने के स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं।
लापरवाही के लिए जिम्मेदार अधिकारियों पर हो कार्रवाई :
पार्षद ने प्रशासन से मांग की है कि इस संवेदनशील मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल टीम भेजकर बोरवेल को सुरक्षित रूप से ढका जाए। साथ ही इस लापरवाही के लिए जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके और नागरिक सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।