हिसार। बिटिया की तलाश में मदद की गुहार लेकर पैदल चंडीगढ़ जा रहा दंपती शनिवार रात जींद के गांव दनौदा पहुंच गया। वहां गुरुद्वारे में रात्रि ठहराव किया।
विज्ञापन
इससे पहले सुबह दस बजे दो बच्चों के साथ दंपती सूरेवाला चौक से रवाना हुआ। पैदल चलने से चारों के पांवों में छाले हो गए हैं। आजाद नगर की गीता कॉलोनी निवासी सुनील सोनी ने बताया कि छह दिन पहले हिसार से चंडीगढ़ के लिए पैदल निकले थे। शुक्रवार को सूरेवाला चौक पहुंच गए। यहां पुलिस ने आगे जाने से रोक दिया था। सहयोग के लिए पहुंचे समाज के लोगों और पुलिस के बीच हंगामा होता रहा।
इस दौरान छत्रपाल सोनी की हार्ट अटैक से मौत हो गई। उसके बाद वहीं पर रुक गए। जब तक बेटी नहीं मिल जाती हमारा संघर्ष जारी रहेगा। गौरतलब है कि सुनील सोनी की बेटी हर्षिता 29 सितंबर 2024 से लापता है। मामले की जांच एसटीएफ,एसआईटी और क्राइम बांच कर चुकी है, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लगा। संवाद