सुरेंद्र दलाल
हिसार। भाजपा के दिग्गजाें ने वर्ष 2024 लोकसभा- विधानसभा चुनाव के लिए प्रदेश में संगठन को बूथ स्तर से नीचे पन्ना प्रमुख तक तैयार करने के लिए अभियान शुरू कर दिया है। भाजपा शक्ति केंद्र प्रमुख के बाद अब 4 लाख पन्ना प्रमुख की फौज खड़ी करना चाहती है। चुनाव जीतने के लिए माइक्रो लेवल पर प्लानिंग की रणनीति के तहत इस योजना पर काम किया जा रहा है। 6 अप्रैल को पार्टी के स्थापना दिवस पर 5 लाख घरों पर पार्टी का झंडा फहराकर एक बड़ा संदेश देने की तैयारी में है, जिससे दूसरी पार्टियों पर चुनाव से पहले ही बड़ा दबाव बनाया जा सके। भाजपा के बूथ स्तर के कार्यकर्ता अपने बूथ की वोटिंग का पिछले लोकसभा- विधानसभा चुनाव का पूरा हिसाब-किताब रखेंगे। उसकी ग्रेडिंग भी करेंगे।
भाजपा ने बिना गठबंधन अपने स्तर पर चुनाव लड़ने की रणनीति पर काम तेज गति से शुरू कर दिया है। जिसमें भाजपा ने पिछले दस दिन में 5 हजार कार्यकर्ताओं के साथ सीधा संवाद किया है। दस लोकसभा क्षेत्र के दायरे में आने वाली 90 विधानसभा सीटों के बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं में जोश भरने का काम किया है। भाजपा ने कार्यकर्ताओं को लाभार्थियों तक पहुंचने का निर्देश दिया है। जिसमें केंद्र सरकार, प्रदेश सरकार से सरकारी नौकरी, आयुष्मान कार्ड, चिराग कार्ड,बीपीएल कार्ड,पेंशन, किसान सम्मान निधि सहित अन्य योजनाओं के लाभार्थियों की सूची कार्यकर्ताओं को उपलब्ध कराई जाएंगी। इन सूची के आधार पर बूथ स्तर के कार्यकर्ता लाभार्थियों से मिलकर उन्हें वोट में तबदील करने के लिए काम करेंगे। कार्यकर्ताओं को निर्देश दिया कि अपने बूथ पर जीतने के लिए काम करें।
हर महीने कांग्रेस के पांच कार्यकर्ता तोड़ो....
भाजपा के राष्ट्रीय सचिव अरविंद मेनन ने जीत का मंत्र देते हुए कहा कि हरियाणा में हमारी सीधी लड़ाई कांग्रेस से है। बड़े नेताओं को तोड़ने की बजाए हर महीने 5 कांग्रेस कार्यकर्ताओं को तोड़ो। उनको मन की बात कार्यक्रम में बुलाओ। पार्टी का पटका पहनाकर भारत माता के जयकारे लगवाओ। उनका जुलूस निकालो। भाजपा के झंडे के साथ उनका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया में अपलोड कर दो। इसके बाद वह कांग्रेस में जाना चाहेगा तो भी कांग्रेस कार्यकर्ता उसे बोरे में बंद कर आपके पास छोड़ जाएंगे।
संगठन की मजबूती का फायदा लेने की तैयारी...
इस समय कांग्रेस का संगठन नहीं है। भाजपा का राष्ट्रीय स्तर से लेकर बूथ स्तर तक संगठन है। भाजपा अब संगठन को बूथ की बजाए पन्ना तक ले जाने की तैयारी कर रही है। जिसमें एक पन्ना पर 30 मतदाताओं के बीच तक अपना पदाधिकारी खड़ा करने की तैयारी कर रही है। ऐसा हुआ तो भाजपा के पास प्रदेश में 4 लाख पन्ना प्रमुख होंगे। अभी तक भाजपा इस लक्ष्य का करीब 48 प्रतिशत पूरा कर चुकी है। लगभग दो लाख पन्ना प्रमुख बनाए जा चुके हैं।
कार्यकर्ता सोशल मीडिया का खूब करें प्रयोग...
भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं को सोशल मीडिया का सबसे अधिक उपयोग करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सूचना में सबसे बड़ी शक्ति है। सोशल मीडिया एक साथ आपकी सूचना को लाखों लोगों तक पहुंचा सकती है। उन्होंने चारों लोकसभा की सभी 36 विधानसभा जीतने का लक्ष्य दिया।
शक्ति केंद्र प्रमुख बूथ का रिकॉर्ड रखेंगे...
शक्ति केंद्र प्रमुखों को एक डायरी दी गई है। जिसमें 2019 के लोकसभा तथा विधानसभा चुनाव का रिकॉर्ड रखने के लिए दो पेज दिए गए हैं। जिसमें बूथ नंबर , कुल डाले गए वोट, भाजपा को कितने वोट मिले, कांग्रेस को कितने वोट मिले, कांग्रेस को कितने प्रतिशत वोट मिले, अन्य दल को कितने प्रतिशत वोट मिले,हार जीत का अंतर, ग्रेड। 60 प्रतिशत से अधिक वोट मिले तो ए ग्रेड, 50 से 60 प्रतिशत वोट पर बी ग्रेड, 30 से 50 प्रतिशत वोट पर सी ग्रेड, 30 प्रतिशत से कम वोट पर डी ग्रेड दिया जाएगा।