बास (हांसी)। हिसार-दिल्ली नेशनल हाईवे पर स्थित गांव गढ़ी के पास शुक्रवार रात रोड पर अचानक कुत्ता आने से तेज रफ्तार बाइक फिसल गई। इससे बाइक पर सवार तीन युवक सड़क पर गिर गए। गंभीर चोटें लगने से इनमें से एक युवक की मौत हो गई। पुलिस ने परिजनों के बयान पर इत्तफाकिया कार्रवाई की है।
पुलिस के अनुसार मूलत: तहसील भनोली, जिला अल्मोड़ा (उत्तराखंड) के गांव आरा और हाल निवासी जवाहरनगर, हिसार नीरज शुक्रवार रात मिनी सचिवालय कॉलोनी, हिसार निवासी अपने दोस्त लोकराज के घर गया था। इसी दौरान महम (रोहतक) से नीरज के भतीजे दीपक का फोन आया। बातचीत के बाद वह और लोकराज दीपक से मिलने के लिए बाइक पर महम रवाना हो गए। फव्वारा चौक के पास टैक्सी स्टैंड से बिश्नोई कॉलोनी, हिसार निवासी रामराज उर्फ गोलू को भी साथ ले लिया। बास थाना क्षेत्र के गांव गढ़ी के पास पहुंचे तो बाइक के आगे अचानक कुत्ता आ गया। उसे बचाने के प्रयास में बाइक फिसल गई। नीरज के सिर में गंभीर चोटें लगीं और बेहोश हो गया। उसके साथियों को भी चोटें लगीं। लोकराज ने डायल-112 और एंबुलेंस से संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन नहीं हो सका। इसके बाद किसी राहगीर की मदद से एंबुलेंस मंगवाकर नीरज को सिविल अस्पताल हांसी ले जाया गया। वहां से मेडिकल कॉलेज अग्रोहा रेफर किया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस चौकी सोरखी के जांच अधिकारी सतीश ने बताया कि प्रारंभिक जांच में किसी की लापरवाही सामने नहीं आई है।