ठगी का आरोपी बाइक सवार सीसीटीवी में कैद।
हिसार। शहर में रविवार दोपहर डाबरा चौक स्थित पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) के एटीएम के बाहर बाइक सवार दो युवकों ने एक युवक से 5 हजार रुपये की ठगी कर ली। आरोपियों ने मां की बीमारी का बहाना बनाकर ऑनलाइन रुपये ट्रांसफर कराए और भाग गए। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पीड़ित राकेश ने बताया कि वह एटीएम में रुपये जमा कराने गया था। इसी दौरान बाइक सवार युवकों ने डेबिट कार्ड भूलने और मां के अस्पताल में भर्ती होने की बात कहकर उससे 5,000 रुपये लिए और ट्रांसफर का फर्जी मैसेज दिखाया। बाद में खाते की जांच करने पर रकम नहीं मिली। अर्बन एस्टेट थाने के जांच अधिकारी विजय पाल ने बताया कि शिकायत पर जांच कर रहे हैं। ब्यूरो