बरवाला। गांव सरहेड़ा स्थित शराब ठेके पर देर रात बाइक सवारों ने दो फायर किए। पुलिस ने ठेके के सेल्समैन राहुल की शिकायत पर अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शिकायत में राहुल ने बताया कि वह सरहेड़ा गांव के ठेके पर सेल्समैन है। 22 अक्तूबर की रात करीब 10 बजे उसने ठेके का शटर बंद किया और अंदर ही सो गया। रात करीब साढ़े 11 बजे बाहर से शोर और पटाखे जैसी आवाज सुनाई दी, जिसके बाद वह दोबारा सो गया। अगली सुबह करीब 9 बजे जब वह सफाई कर रहा था, तो उसने देखा कि फ्रीज में दो जगह गोलियों के निशान हैं। साथ ही लोहे के गेट पर लगे बैनर में भी सुराख बने हुए थे। उसने तुरंत इसकी जानकारी अजय सिहाग को दी।
अजय ने ठेके पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी तो पता चला कि गांव बधावड़ रोड की ओर से दो युवक बाइक पर आए थे। ठेके के सामने रुककर उनमें से एक युवक ने पिस्तौल से शटर की ओर फायर किया और दोनों मौके से फरार हो गए। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच में जुटी है।