हांसी। गांव मसूदपुर में पेट्रोल पंप के पास एक पिकअप की टक्कर से घायल लाडवा निवासी बाइक सवार युवक ललित (25 वर्षीय) की शनिवार को मौत हो गई। मृतक के चचेरे भाई मोनी की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। हिसार के नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
सदर थाना से जांच अधिकारी राकेश के अनुसार, लाडवा निवासी मोनी ने पुलिस को बताया कि वह और ललित मसूदपुर के जलघर में पानी की लाइन बिछाने का कार्य करते थे। शुक्रवार को वह काम खत्म करके लाडवा लौट रहे थे। दोनों अलग-अलग बाइक पर सवार थे। दोपहर करीब डेढ़ बजे वह मसूदपुर पेट्रोल पंप के पास वे पहुंचे। अचानक हांसी की तरफ से आ रही एक पिकअप चालक ने लापरवाही से गाड़ी मोड़ दी। पिकअप की टक्कर से ललित की मोटरसाइकिल दुर्घटनाग्रस्त हो गई और वह गंभीर रूप से घायल हो गया।। हांसी के नागरिक अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद उसे अग्रोहा रेफर कर दिया गया। परिजन उसे एक निजी अस्पताल में ले गए जहां उसने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। ललित अविवाहित था। उसके पिता रणधीर लकवाग्रस्त हैं।