अब किसानों को तत्काल ट्यूबवेल कनेक्शन मिलेगा। अनुमानित लागत से एक लाख रुपये अधिक देकर कोई भी किसान ट्यूबवेल कनेक्शन ले सकेगा। हालांकि पहले भी यह सेवा शुरू की गई थी, जिसे जुलाई में बंद कर दिया गया था। अब मुख्यमंत्री के आदेश पर दोबारा किसानों के लिए यह तत्काल सेवा शुरू की गई है।
दक्षिण हरियाणा के 16 हजार किसानों को मिलेगा लाभ
सीएम मनोहर लाल के आदेशों के बाद अब बिजली निगम ने सर्कुलर जारी कर किसानों को कनेक्शन देने की राह खोल दी है।
इससे अब तक ट्यूबवेल कनेक्शन के लिए फाइल लगाने वाले दक्षिण हरियाणा के 16 हजार 19 किसानों को लाभ मिलेगा। फाइल लगाकर नंबर आने का इंतजार कर रहे किसान एक अनुमानित लागत के अलावा एक लाख रुपये अधिक जमा करवाकर अपना कनेक्शन ले सकेंगे। सारा काम बिजली निगम के निरीक्षण में होगा।
फिलहाल 2012 वालों को ही मिल रहा था कनेक्शन
फिलहाल बिजली निगम सिर्फ 1 जनवरी से 31 दिसंबर 2012 तक फाइल लगाने वालों को ही ट्यूबवेल कनेक्शन रिलीज कर रहा था। इसके कारण बाद के सालों में फाइल लगाने वाले किसानों को लंबा इंतजार करना पड़ रहा था। किसानों ने अपनी समस्या मुख्यमंत्री को बताई। सूत्रों की मानें तो उसके बाद मुख्यमंत्री ने जुलाई में बंद की गई स्कीम को दोबारा चालू करने के आदेश जारी किए हैं।
जिला वाइज पेंडिंग फाइलों का डाटा
सिरसा - 4067
जींद - 3560
फतेहाबाद - 1745
भिवानी - 1512
रेवाड़ी - 1312
पलवल - 1003
हिसार - 1002
मेवात - 878
नारनौल-महेंद्रगढ़ - 378
फरीदाबाद - 304
गुड़गांव - 258
हां, जुलाई में बंद की गई स्कीम को दोबारा से चालू कर दिया गया है। अब कोई भी किसान एक लाख रुपये अतिरिक्त देकर ट्यूबवेल कनेक्शन ले सकता है। - डीएल हंसु, एसई, बिजली निगम