हिसार। शहर में बेसहारा पशुओं की समस्या के समाधान के लिए बुधवार को मेयर गौतम सरदाना ने नगर निगम, पुलिस प्रशासन व पुलिस विभाग के अधिकारियों संग बैठक की। इस दौरान फैसला लिया गया कि निगम 26 सितंबर मंगलवार से पशु पकड़ने का महाअभियान शुरू करेगा। शुरुआत में 5 बड़े अवैध पशु बाड़ों पर कार्रवाई होगी। कार्रवाई से पहले पुलिस प्रशासन से पर्याप्त सुरक्षा बल व जिला प्रशासन ने ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त करने की मांग की जाएगी। पकड़े जाने वाले गोवंश को गोअभयारण्य के अलावा गोशालाओं में भेजा जाएगा।
बता दें कि शहर में बेसहारा पशुओं की गंभीर समस्या बनी हुई है। इन पशुओं के कारण हादसे हो रहे हैं। इन हादसों में न सिर्फ लोग घायल हो रहे हैं, बल्कि लोगों को जान भी गंवानी पड़ रही है। इस कारण से लंबे समय से बेसहारा पशुओं को लेकर बड़े स्तर पर अभियान चलाने की मांग की जा रही थी।
गोअभयारण्य को लेकर यह रिपोर्ट की प्रस्तुत
गोअभयारण्य में कुल गोवंश : 4755
गोअभयारण्य में कुल गाय : 2968
गोअभयारण्य में कुल नंदी : 1787
अप्रैल 2022 से अगस्त 2023 तक पकड़े गए गोवंश : 7832
अप्रैल 2022 से अगस्त 2023 तक गोवंश छोड़ने पर वसूला जुर्माना : 28.38 लाख रुपये
गोअभयारण्य के रखरखाव के लिए गोसेवा फाउंडेशन को मई 2022 से अगस्त 2023 तक भुगतान : 3.77 करोड़ रुपये
पांच बड़े अवैध बाड़े किए चिह्नित
पशुपालन विभाग की रिपोर्ट के अनुसार शहर में 65 अवैध पशु बाड़े हैं। बैठक में तय किया गया कि पहले 5 बड़े पशु बाड़ों को चिह्नित कर उन पर कार्रवाई की जाए। अधिकारियों ने बताया कि इन पशु बाड़ों पर कार्रवाई से शहर की आधी समस्या का समाधान हो जाएगा। मेयर ने अधिकारियों से पूछा कि ये 5 बड़े पशु बाड़े किसके हैं। अधिकारियों ने बैठक में इन पशु बाड़ों के बारे में जानकारी दी।
पशु बाड़े का मालिक-पशु बाड़ा-पशुओं की संख्या
सतीश गुर्जर-सेक्टर 1-4-350
धौलिया गुर्जर-तलवंडी राणा-250
ज्ञानी-पटेल नगर-200 से ज्यादा
गुरुमेल-मॉडल टाउन एक्सटेंशन-150 से ज्यादा
चीनू गुर्जर-पड़ाव चौक-300 से ज्यादा
अभियान से पहले एडीजीपी से मिलेंगे मेयर
मेयर गौतम सरदाना महाअभियान से पहले एडीजीपी श्रीकांत जाधव से मिलेंगे। इस दौरान वह उनसे अभियान को लेकर कम से कम 50 पुलिस कर्मचारी उपलब्ध करवाने की मांग करेंगे, जिसमें महिला पुलिस कर्मचारी भी शामिल होंगी। वहीं निगम में कार्यरत सभी बेलदारों की भी ड्यूटी अभियान में लगाई जाएगी, जिसमें महिला बेलदार भी होंगी। साथ ही जिला प्रशासन से ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त करवाया जाएगा। हालांकि बैठक में निगमायुक्त ने कहा कि पशुपालन विभाग के अधिकारी को भी ड्यूटी मजिस्ट्रेट लगवाया जाए, क्योंकि उन्हें इस बारे में जानकारी है।
सूचना लीक करने वालों पर गिरेगी गाज
बैठक में कहा गया कि महाअभियान की सूचना लीक करवाने कर्मचारियों के खिलाफ न सिर्फ एफआईआर दर्ज करवाई जाएगी, बल्कि उन्हें नौकरी से भी हटाया जाएगा। इस दौरान पार्षदों से अपील की गई कि वे किसी पशुपालक की सिफारिश नहीं करेंगे। इस पर पार्षद प्रीतम सैनी ने कहा कि सिफारिश करने वाले पार्षद का मानदेय जब्त किया जाए। उनके सुझाव पर बैठक में मौजूद सभी पार्षदों ने सहमति जताई।
मेयर ने टीम से कहा कि गलियों में लगे सभी खूंटों को उखाड़ा जाए। निगमायुक्त ने कहा कि जिन घरों में या प्लॉट में अवैध पशु बाड़े बने हैं, उन्हें सील किया जाएगा। घर के बाहर गली में बंधे पशुओं को भी जब्त किया जाएगा। बिना जुर्माने के किसी के पशु को नहीं छोड़ा जाएगा। एएमसी प्रदीप हुड्डा ने बैठक में मौजूद डीएसपी विनोद शंकर से कहा कि उनके कर्मचारी पशुपालकों के खिलाफ केस दर्ज करवाने थाने में जाते हैं तो उन्हें घंटों तक वहां इंतजार करवाया जाता है। उन्हें ऐसे बैठाकर रखा जाता है मानों वो ही आरोपी हो। एएमसी ने डीएसपी से इस मामलों में जल्द केस दर्ज किया जाए।
सेक्टर में भी खुली हैं पशु डेयरी
पार्षद अनिल जैन ने कहा कि सेक्टर में एक कोठी में भी पशु डेयरी खुली हुई है। आरडब्ल्यूए भी इससे दुखी है। इस पर निगमायुक्त ने कहा कि उसका पता बताओ, कार्रवाई करेंगे। मेयर ने कहा कि पड़ाव में भी जमीन पर कब्जा किया हुआ है। बैठक में पशुपालन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि 22 सितंबर को बेसहारा पशुओं की समस्या को लेकर जिला स्तरीय बैठक भी बुलाई गई है।
यहां-यहां हैं अवैध पशु बाड़े
एरिया-पशु बाड़े
शिव कॉलोनी-01
गीता कॉलोनी-01
सुंदर नगर-01
टिब्बा दानाशेर-09
शिव नगर-03
भगत सिंह नगर-01
महावीर कॉलोनी-01
राजीव नगर-01
स्वागत कॉलोनी-03
विकास नगर-01
पड़ाव-13
विनोद नगर-01
भारत नगर-01
ढाणी श्यामलाल-08
काली देवी मंदिर-01
सैनियान मोहल्ला-01
मॉडल टाउन एक्सटेंशन-02
पटेल नगर-06
माल कॉलोनी के पास-01
अमर एनक्लेव-01
गंगवा-04