हांसी। एसपी विनोद कुमार ने आमजन के लिए विशेष साइबर एडवाइजरी जारी करते हुए पार्ट टाइम जॉब, वर्क फ्रॉम होम और ऑनलाइन टास्क के नाम पर बढ़ रही साइबर ठगी से सावधान रहने की अपील की है।
एसपी ने बताया कि साइबर ठग सोशल मीडिया, व्हाट्सएप, टेलीग्राम व अन्य ऑनलाइन माध्यमों के जरिए लोगों को आकर्षक नौकरी और अतिरिक्त आय का झांसा देकर ठगी का शिकार बना रहे हैं। ठग शुरुआत में छोटे-छोटे टास्क पूरे करवाकर कुछ राशि भेजते हैं जिससे लोगों का विश्वास जीत लिया जाता है। इसके बाद अधिक मुनाफे का लालच देकर बड़ी रकम निवेश करवाकर ठगी को अंजाम दिया जाता है।
पार्ट टाइम जॉब या वर्क फ्रॉम होम का ऑफर देते हैं। यूट्यूब वीडियो लाइक, रिव्यू या रेटिंग देने जैसे टास्क करवाते हैं। शुरुआती भुगतान कर भरोसा पैदा करते हैं। अधिक कमाई का लालच देकर पैसे निवेश करवाते हैं। एसपी ने कहा कि किसी भी अनजान व्यक्ति, वेबसाइट या सोशल मीडिया अकाउंट की तरफ से भेजे गए जॉब ऑफर पर बिना जांच-पड़ताल विश्वास न करें। किसी भी प्रकार की व्यक्तिगत जानकारी, बैंक खाता विवरण, ओटीपी या पासवर्ड साझा न करें तथा अनजान खातों में धनराशि जमा करने से बचें।