नारनौंद । दिवाली की रात जिन घरों में खुशियों के दीप जगमगा रहे थे वहां सोमवार सुबह मातम का अंधेरा छा गया। उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में हुए हादसे में राखी खास (गढ़ी) के चार और मोठ करनैल के दो युवकों की मौत से दोनों गांवों में शोक की लहर दौड़ गई। किसी ने सपने में भी नहीं सोचा था कि हंसी-खुशी निकले छह दोस्तों के लिए हरिद्वार की राह उनकी जिंदगी का आखिरी सफर बन जाएगी।
राखी खास गांव के चार दोस्त रात करीब 12 बजे तक आतिशबाजी कर रहे थे। इसके बाद अचानक हरिद्वार जाकर गंगा स्नान करने का कार्यक्रम बना। चारों मोठ करनैल पहुंचे और अपने दो अन्य दोस्तों अमन व अजय को भी साथ ले लिया। रात करीब साढ़े 12 बजे छहों दोस्त हंसी-खुशी हरिद्वार के लिए रवाना हो गए। उन्हें क्या पता था कि अब वह कभी अपने घर नहीं लौट पाएंगे।
मुजफ्फरनगर से 25 किलोमीटर दूर जग्गाहेड़ी के पास खंभे से टकराने के बाद पलटी कार में आग लगने से राखी खास निवासी साहिल (21), अंकित मलिक (23), अंकित (19) और राहुल उर्फ डेनी (22) तथा मोठ करनैल निवासी अमन (21) और अजय (21) की मौत हो गई। सभी अविवाहित थे और गहरे दोस्त थे। उनका ज्यादातर समय एक-दूसरे के साथ ही बीतता था।
सरकारी नौकरी का सपना देख रहा था अंकित, साहिल संभाल रहा था परिवार की जिम्मेदारी :
हादसे में जान गंवाने वाले युवकों के परिवारों को उनसे बड़ी उम्मीदें थीं। साहिल पिछले चार साल से गाड़ी चलाने का काम कर रहा था। उसके पिता सोम कुमार खेतीबाड़ी करते हैं। साहिल दो भाइयों में से एक था। हादसे में क्षतिग्रस्त ओरा कार उसकी अपनी नहीं थी। वह किसी अन्य व्यक्ति की गाड़ी चलाता था और छोटी दिवाली पर उसे लेकर घर आया था। वहीं अंकित मलिक 12वीं पास करने के बाद सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहा था। परिवार को उम्मीद थी कि वह नौकरी हासिल कर घर की जिम्मेदारी संभालेगा।
बीमार पिता का सहारा थे राहुल और अंकित, अमन-अजय करते थे मजदूरी :
राखी खास निवासी सगे भाई राहुल और अंकित मेहनत-मजदूरी कर परिवार का हाथ बंटाते थे। राहुल जींद में ट्रक की बॉडी बनाने वाली दुकान पर वेल्डिंग का काम करता था जबकि छोटा भाई अंकित राखीगढ़ी में एसी-फ्रिज रिपेयरिंग की दुकान पर काम करता था। उनके पिता काफी समय से बीमार हैं। वहीं मोठ करनैल निवासी अमन और अजय पढ़ाई के साथ मजदूरी कर परिवार का सहारा बने हुए थे।
साहिल के पिता बोले-बड़े बेटे के फोन से मिली हादसे की खबर
साहिल के पिता सोम कुमार ने बताया कि उन्हें हादसे की सूचना बड़े बेटे के फोन से मिली। साहिल और उसके साथी रात करीब एक बजे घर से निकले थे। परिवार को उनके हरिद्वार जाने की पूरी जानकारी नहीं थी। कुछ घंटे पहले हंसते-बोलते घर से निकले बेटे की मौत की खबर ने परिवार को तोड़ दिया। राखी खास में चार युवकों की मौत से तीन परिवारों में मातम है। इनमें एक परिवार ने अपने दो सगे बेटों को खोया है। वहीं मोठ करनैल के अमन और अजय की मौत से दो परिवारों में सन्नाटा पसरा है।
दिवाली की रौनक मातम में बदली, दो गांवों में पसरा सन्नाटा
हादसे की खबर दोनों गांवों में पहुंचते ही खुशियां मातम में बदल गईं। जिन गलियों में कुछ घंटे पहले दिवाली की रौनक थी वहां अब हर आंख नजर आई। माता-पिता और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीण पीड़ित परिवारों को सांत्वना देने पहुंच रहे हैं। चौक-चौराहों और बैठकों में दिनभर छह युवकों की दोस्ती और उनके आखिरी सफर की चर्चा होती रही।