हिसार। हिसार एयरपोर्ट से मंगलवार को केवल विमान ने ही नहीं, बल्कि हिसार के विकास ने भी उड़ान भर ली है। विशेषज्ञों का मानना है कि आने वाले समय में एयरपोर्ट की डिमांड बढ़ने के साथ क्षेत्र तेज गति से विकास करने की ओर अग्रसर होगा। हिसार एयरपोर्ट से जिन क्षेत्रों के लोगों को फायदा होगा, उनमें हरियाणा के सिरसा, फतेहाबाद, जींद, कैथल, भिवानी, रोहतक, चरखी दादरी जिले शामिल रहेंगे। इनके अलावा राजस्थान के चुरू और हनुमानगढ़ क्षेत्र के लोगों को फायदा होगा। हालांकि पंजाब के लोगों को कुछ ज्यादा फायदा नहीं होगा, क्योंकि एक तरफ बठिंडा एयरपोर्ट है तो दूसरी ओर चंडीगढ़ एयरपोर्ट नजदीक लगता है। इसके अलावा इन क्षेत्रों के व्यापारियों को बेहद फायदा और जहां व्यापार की संभावनाएं बढ़ेंगी, वहीं रोजगार का दायरा फैलेगा, जिससे क्षेत्र के युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध होंगे।
हिसार एयरपोर्ट सबसे अधिक सुविधाजनक
सिरसा से हिसार की दूरी 90 किलोमीटर है, जबकि बठिंडा 95 किलोमीटर दूर है, इसीलिए सिरसा तक के लोगों को हिसार एयरपोर्ट ही रास आएगा। सिरसा और उसके आसपास से अनेक लोग विदेशों में गए हुए हैं और अकसर उनका आना-जाना रहता है। इसी प्रकार राजस्थान के चूरू, भादरा और हनुमानगढ़ क्षेत्र के लोगों को फायदा होगा। चूरू के नजदीक अब जो एयरपोर्ट है, वह जयपुर में है। चूरू से जयपुर की दूरी 205 किलोमीटर है, जबकि हिसार 134 किलोमीटर है। इसी प्रकार हनुमानगढ़ से हिसार 203 किलोमीटर है, जबकि जयपुर 399 किलोमीटर पड़ता है। ऐसे में इन क्षेत्रों के लोगों को भी हिसार एयरपोर्ट अधिक रास आएगा।
हिसार के लोगों का दूसरे प्रदेशों में व्यापार
हिसार के अनेक व्यापारी ऐसे हैं, जिनका दूसरे प्रदेशों व देशों में कारोबार फैला हुआ है और उन्हें अकसर व्यापार के सिलसिले में लगभग हर रोज दूसरे प्रदेश या देश जाना होता है। ऐसे व्यापारियों में जिंदल इंडस्ट्रीज, अशोक मंगालीवाला, सुभाष चंद्रा, चुरू से लक्ष्मी मित्तल ऐसे नाम हैं, जिनका कारोबार विदेशों तक फैला हुुआ है। इसके अलावा दूसरे प्रदेशों में कारोबार करने वाले 125 से 150 व्यापारी शामिल हैं।
दिल्ली की भीड़भाड़ से बचने के लिए भी हिसार उचित
दिल्ली के एयरपोर्ट पर इमीग्रेशन चेकिंग से लेकर टिकट आदि की औपचारिकता में यात्रियों का बहुत अधिक समय खराब होता है। इसके अलावा एयरपोर्ट तक टैक्सी या अपनी गाड़ी में जाने के लिए भी दिल्ली के भयंकर जाम से गुजरना पड़ता है। उदाहरण के लिए हिसार से दिल्ली एयरपोर्ट जाने वाले व्यक्ति अपनी फ्लाइट के निर्धारित समय से छह घंटे पहले घर से निकलना पड़ेगा। इस हिसाब से हिसार एयरपोर्ट हिसार के साथ जींद, रोहतक, भिवानी, सिरसा, फतेहाबाद, चूरू, हनुमानगढ़ आदि के लोगों को काफी फायदा होगा।
स्टेडियम लगाएगा विकास को पंख
हिसार के ढंढूर में इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम बनना प्रस्तावित है। यदि उसे मंजूरी मिल जाती है तो हिसार एयरपोर्ट तेज गति से विकास करेगा और इसके साथ जिले का विकास भी स्वयं तेज गति से आगे बढ़ेगा। स्टेडियम में इंटरनेशनल मैच होंगे, जिससे खिलाड़ियों का एयरपोर्ट यहीं होने के कारण सीधे हिसार पहुंचना आसान होगा।
वर्जन
हिसार से काफी लोग चंडीगढ़, देहरादून, जम्मू जाते हैं। हिसार एयरपोर्ट का सभी वर्गों के लोगों को फायदा होगा। ऐसे बिजनेस को आमंत्रित किया जाए, जिनका बिजनेस फ्लाइट पर निर्भर है। इनमें आईटी सेक्टर, रिसर्च कंपनियां डेवलप की जा सकती हैं। हिसार और आसपास के व्यापारियों को भी इस दिशा में विचार करना होगा कि किसी प्रकार वे एयरपोर्ट का फायदा उठाते हुए अपने व्यापार को बढ़ा सकते हैं।
- प्रो. एनके बिश्नोई, अर्थशास्त्री, हिसार
यह हिसार के विकास की उड़ान है और इसे आगे बढ़ाने के लिए शहर के लोगों को भी आगे आना होगा। स्कूल-कॉलेज के बच्चों का टूर स्पॉन्सर कर फ्लाइट को सुचारु करने में सरकार और प्रशासन की मदद करें, ताकि हिसार का समुचित विकास हो सके। इंटरनेशनल एयरपोर्ट स्थापित होने से रोजगार के अवसर खुलेंगे और जिले का नाम देश-विदेश में होगा।
- डॉ. कमल गुप्ता, विधायक, हिसार।