हिसार। अंधड़ और तेज बारिश शनिवार रात बिजली लाइनों, खंभों और पेड़ों पर कहर बनकर टूटी। पेड़ गिरने से रात करीब 12 बजे रायपुर पुल के पास बालसमंद ब्रांच में करीब 25 फीट का कटाव आ गया। इससे आसपास की 500 एकड़ भूमि जलमग्न हो गई। 220 केवी बिजली घर में पानी घुसने से बिजली आपूर्ति बंद करनी पड़ी, जिससे करीब 15 गांवों और हिसार के कई इलाकों में रविवार रात तक बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हो पाई। बिजली निगम ने इन इलाकों में सोमवार दोपहर तक बिजली आपूर्ति सुचारू करने का दावा किया है। डीसी अनीश यादव व मेयर प्रवीण पोपली भी जायजा लेने के लिए मौके पर पहुंचे और राहत कार्य में तेजी के निर्देश दिए। उधर, मौसम विभाग ने बीते 24 घंटे में हिसार में 73.9 और जिले भर में 23.4 मिमी बारिश दर्ज की, जो इस माह में अब तक की सबसे ज्यादा है।
अंधड़ के कारण हिसार सर्कल में 473 खंभे, करीब 2000 पेड़ टूट गए और 53 ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त हो गए। बताया जा रहा है कि अंधड़ के कारण बालसमंद ब्रांच में रायपुर पुल के पास एक बड़ा पेड़ टूटकर गिर गया। इस दौरान नहर में पानी का बहाव काफी तेज था। पेड़ के कारण पानी के बहाव में बाधा आई और नहर में कटाव आ गया। जैसे ही ग्रामीणों को नहर टूटने का पता चला सिंचाई विभाग के अधिकारियों को अवगत करवाया। कुछ ही देर में सिंचाई विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौके पर पहुंचे। रात में पोकलेन मशीन का इंतजाम नहीं हो सका। इस कारण अधिकारियों को सुबह तक इंतजार करना पड़ा। तब तक आसपास के खेत जलमग्न हो गए। इससे सब्जियां और धान की पंजीरी डूब गई। हिसार-रायपुर रोड पर स्थित 220 केवी बिजली घर के चारों ओर पानी भर गया। बिजली घर के अंदर जा रहे पानी को रोकने के लिए रोड तोड़कर पानी खेतों की तरफ डायवर्ट कर दिया गया।
सुबह 8 बजे पहुंची तीन पोकलेन मशीन
रविवार सुबह 8 बजे तीन पोकलेन मशीन मौके पर पहुंची। इसके साथ ही ग्रामीणों की मदद से कटाव को पाटने का काम शुरू किया गया। मिट्टी के कट्टे भरने के लिए मनरेगा मजदूरों को भी बुलाया गया, लेकिन नहर में पानी का बहाव तेज होने के कारण परेशानी का सामना करना पड़ा। शाम तक नहर के बीच मिट्टी का बांध बनाया गया, लेकिन वह भी तेज बहाव के कारण बह गया।
बिजली घर से पानी निकालने पहुंची टीम
सुबह 9 बजे बिजली निगम व सिंचाई विभाग की टीम 220 केवी बिजली घर से पानी निकालने के लिए पहुंची। हालांकि रात तक नहीं निकाला जा सका। इस कारण 132 केवी बीड़, 132 केवी आर्यनगर, 33 केवी आजाद नगर से पोषित इलाके ऑटो मार्केट, सेक्टर 14, राजगढ़ रोड के अलावा गांव मिर्जापुर, धांसू, रायपुर, रायपुर ढाणी, शिकारपुर, नियाना, ढाणी क़ुतबपुर, लालपुरा, खरड़, अलीपुर व खोखा सहित 15 गांवों में बिजली ठप हो गई। बिजली निगम के अधिकारियों ने इन गांवों में सोमवार दोपहर तक बिजली आपूर्ति बहाल नहीं होने की जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि बिजली घर से पानी निकालने के बाद टेस्टिंग की जाएगी। कोई फॉल्ट न रहने पर बिजली आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।