हिसार। पिछले चार दिन से चल रहे मौसम में बदलाव का दौर खत्म हो गया। शुक्रवार को आंशिक तौर पर मौसम परिवर्तनशील रहेगा। इसके प्रभाव से प्रदेश के कुछ हिस्सों में आंशिक रूप से बादल छाने तथा कुछ स्थानों पर हवाओं व गरज चमक के साथ छिटपुट बारिश के आसार हैं। 16 से 20 मई तक मौसम खुश्क रहने की संभावना है।
वीरवार को प्रदेश में मौसम परिवर्तनशील रहा। संपूर्ण इलाके में रात के तापमान में हल्की बढ़त देखने को मिली। बुधवार को दोपहर बाद आंधी अंधड़ और कहीं कहीं बिखराव वाली हल्की बारिश बूंदाबांदी को दर्ज किया गया। वीरवार को एक नया कमजोर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हुआ है। बंगाल की खाड़ी पर डिप्रेशन बनने से दक्षिणी पूर्वी नमी वाली हवाओं से हरियाणा एनसीआर दिल्ली पर एक बार फिर से मौसम में आंशिक बदलाव देखने को मिलेगा।
15 मई को आंधी अंधड़ तेज़ गति की हवाओं और छिट-पुट बूंदाबांदी की गतिविधियों की संभावना बन रही है। एक दो स्थानों पर ओलावृष्टि को नकारा नहीं जा सकता। यह मौसम प्रणाली 15 मई रात को हरियाणा एनसीआर दिल्ली से आगे निकल जाएगी 15 मई के बाद तापमान में और अधिक उछाल देखने को मिलेगा। मौसम विशेषज्ञ डॉ चंद्रमोहन ने बताया कि शुक्रवार सुबह के बीच तेज गति की हवाओं के साथ आंधी अंधड़ बिखराव वाली हल्की बारिश के आसार हैं।