सिरसा। जिला बार एसोसिएशन के चुनाव को लेकर चुनाव समिति ने बुधवार को उम्मीदवारों के साथ बैठक कर चुनाव प्रक्रिया और प्रचार संबंधी निर्देश जारी किए। चुनाव अधिकारी अधिवक्ता अरविंद्र सिंह वधवा ने बताया कि उम्मीदवार बार सदस्यों के घर-घर जाकर वोट मांग सकेंगे।
इसके अलावा व्हाट्सएप और फोन के माध्यम से भी मतदान की अपील की जा सकेगी। 11 सितंबर को करीब 1560 अधिवक्ता मतदान कर उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करेंगे।
चुनाव समिति ने उपायुक्त को पत्र लिखकर मतदान के लिए नौ ईवीएम उपलब्ध करवाने की मांग की है। इनमें आठ ईवीएम मतदान के लिए इस्तेमाल होंगी, जबकि एक मशीन स्टैंडबाय रखी जाएगी, ताकि तकनीकी खराबी आने पर उसे तत्काल बदला जा सके।
चुनाव अधिकारी ने बताया कि उम्मीदवार होटल, रेस्टोरेंट या बार रूम में मतदाताओं को प्रभावित करने के उद्देश्य से पार्टी या किसी प्रकार का कार्यक्रम आयोजित नहीं कर सकेंगे। चैंबर और न्यायिक परिसर में होर्डिंग व बैनर लगाने पर भी रोक रहेगी। ट्रेनिंग के लिए आने वाले लॉ विद्यार्थियों से चुनाव प्रचार करवाने की अनुमति नहीं होगी। नियमों का उल्लंघन करने पर चुनाव समिति सख्त कार्रवाई करेगी।
प्रधान पद के लिए छह उम्मीदवार मैदान में :
प्रधान पद के लिए वर्तमान प्रधान वरिष्ठ अधिवक्ता गंगाराम ढाका, पूर्व प्रधान जीपीएस किंगरा, रघुबीर खिंडा, भूपेंद्र खट्टर, सुरेंद्र जाखड़ और पूर्व प्रधान आदित्य राठौर के बीच मुकाबला है। उपप्रधान पद इस बार पहली बार महिलाओं के लिए आरक्षित किया गया है। महिला वर्ग में अमनदीप कौर और मोनिका शर्मा आमने-सामने हैं, जबकि पुरुष वर्ग में संजीव गर्ग, विकास ढिल्लो और गुरतेज सिंह बराड़ चुनाव मैदान में हैं। सचिव पद के लिए कपिल देव और दर्शन लाल छाबड़ा के बीच मुकाबला है।