जानी-मानी अभिनेत्री और नेशनल अवार्डी बलजिंद्र कौर को हरियाणवी फिल्म पगड़ी के लिए एक बार फिर से बेस्ट सपोर्टिंग एक्ट्रेस का अवार्ड मिला है। दिल्ली में चल रहे बायोस्कॉप ग्लोबल फिल्म फेस्टिवल में बलजिंद्र कौर को इस अवार्ड से नवाजा गया। आजकल पंजाब यूनिवर्सिटी के ड्रामा विभाग में असिस्टेंट प्रोफेसर बलजिंद्र कौर को इसी साल जून में इसी फिल्म के लिए राष्ट्रीय फिल्म फेस्टिवल में नेशनल अवार्ड से सम्मानित किया गया था।
दो नेशनल अवार्ड पाने वाली पहली हरियाणवीं फिल्म पगड़ी
हरियाणवी फिल्म 'पगड़ी-द आनर पहली हरियाणवी फिल्म है, जिसे दो राष्ट्रीय पुरस्कार मिले हैं। 62वें राष्ट्रीय फिल्म अवार्ड में इस फिल्म को सर्वश्रेष्ठ फिल्म (हरियाणवी) के पुरस्कार के साथ-साथ इसकी अभिनेत्री बलजिंद्र कौर को सर्वश्रेष्ठ महिला सह कलाकार का पुरस्कार भी दिया गया था। बलजिंद्र कौर ने फिल्म पगड़ी में अभिनेता की मां का अभिनय किया था। नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा से पासआउट बलजिंद्र के पति हिसार निवासी बृजेश शर्मा भी थियेटर आर्टिस्ट है। वे दोनों एनएसडी की रेपेटरी में कई साल काम कर चुके हैं। बृजेश ने भी पगड़ी में अभिनय किया है।
हिसार में रंगमंच से जुड़ी रही हैं बलजिंद्र
मूल रूप से पंजाब के जालंधर शहर के पास भुंदिया की रहने वाली बलजिंद्र कौर की शादी हिसार के बृजेश शर्मा से हुई। इसके बाद वो हिसार में रंगमंच से जुड़ी रही। कई फिल्मों के ऑफर आए, मगर अपने नियमों से समझौता नहीं किया और फिल्में छोड़ दी। खास बात यह है कि एनएसडी के कलाकार के तौर पर देश विदेश में नाटकों का मंचन करने के बावजूद दोनों का अपनी माटी से विशेष लगाव रहा है।