हिसार। जींद जिले के सुरबरा निवासी बलकार की मौत पसलियां टूटने और फेफड़ों व हृदय को नुकसान पहुंचने के कारण हुई थी। जिला नागरिक अस्पताल में बलकार के शव के पोस्टमार्टम में यह खुलासा हुआ है। सिविल लाइन थाना पुलिस ने वीरवार को आरोपी कृष्ण को अदालत में पेश किया, जहां से 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
थाना प्रभारी कर्मजीत ने बताया कि मंगलवार रात नगर निगम के मधुबन पार्क के सामने बने रैन बसेरे में बलकार व उत्तराखंड के अल्मोड़ा निवासी कृष्ण के बीच झगड़ा हो गया था। कृष्ण ने बलकार के सीने पर लात-घूसे बरसाए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई थी। इस मामले में बलकार के भाई बलजीत की शिकायत पर कृष्ण के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। पोस्टमार्टम में सामने आया कि पिटाई बलकार की करीब 10 पसलियां टूट गईं थीं। पसलियों के टूटने से उसके फेफड़ों व हृदय को काफी नुकसान पहुंचा। इस कारण उसकी मौत हो गई।