अर्बन एस्टेट में सड़क के बीच बने गड्ढे में भरा पानी।
हिसार। पूर्व डिप्टी सीएम, पूर्व मेयर के आवास के बोर्ड से आप अर्बन एस्टेट की ओर आएंगे तो सड़क पर सीवरेज का पानी भरा नजर आएगा। प्रदेश के पीडब्ल्यूडी एवं जनस्वास्थ्य मंत्री रणबीर गंगवा के गृह जिले में सीवर व्यवस्था बदहाल है। बिना बारिश के ही अर्बन एस्टेट की सड़कों पर पानी भरा है।
शहर के सबसे पहले सेक्टर और पॉश क्षेत्र में शुमार अर्बन एस्टेट के लोग इन दिनों सीवर ओवरफ्लो से परेशान हैं। अर्बन एस्टेट टू में पूर्व डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला और पूर्व मेयर शकुंतला राजलीवाला का आवास है। छाबड़ा मेडिकल के साथ लगती दोनों तरफ की सड़कों पर पानी भरा है। वाहन चालकों के अलावा पैदल चलने वालों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। दुकानदारों व आम लोगों ने एप के माध्यम से अधिकारियों को यहां का वीडियो भेजा। इसके बाद समाधान नहीं हुआ। वॉइस आफ हिसार के सदस्य त्रिलोक बंसल ने कहा कि अधिकारियों को इस पर तुरंत एक्शन लेना चाहिए। वहीं, औद्योगिक क्षेत्र की ओर से जाने वाली सड़क पर भी पानी भरा है। उद्यमियों की ओर से शिकायत किए जाने के बाद भी समाधान नहीं हुआ। पिछले माह सेक्टर 27-28 में सीवरेज ओवरफ्लो के खिलाफ लोगों ने प्रदर्शन भी किया था। इसके बावजूद प्रशासन की अनदेखी जारी है।