आयुष्मान भारत योजना के एक वर्ष पूरे होने पर जिले में आयुष्मान भारत पखवाड़े का आयोजन किया जाएगा। जिले से लेकर ब्लॉक व पंचायत स्तर पर प्रभात फेरी सहित अनेक गतिविधियों के माध्यम से आयुष्मान योजना में शामिल लाभार्थियों को गोल्डन कार्ड बनवाने के लिए जागरूक किया जाएगा।
पीएम की महत्वाकांक्षी योजना आयुष्मान भारत अभियान से जागरूकता के अभाव में गरीब और जरूरतमंद परिवार पूरी तरह से नहीं जुड़ रहे हैं। प्रत्येक लाभार्थी को योजना से जोड़कर उन्हें कार्ड के फायदे के बारे में घर घर जानकारी देने का कार्य विभाग सोमवार से शुरू करने जा रहा है। योजना के तहत 16 से 30 सितंबर तक विशेष जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान आशा वर्कर्स लाभार्थियों के डोर टू डोर पहुंचकर लोगों को योजना के प्रति जागरूक करेंगी। इस पखवाड़े के दौरान प्रभात फेरी निकाली जाएगी और स्कूली स्तर पर कार्यक्रम होंगे।
पोस्टर लगवाएगा विभाग
योजना के प्रचार प्रसार के लिए विभाग शहर और गांवों में मुख्य स्थानों पर आयुष्मान योजना से संबंधित होर्डिंग, बैनर, पोस्टर लगाए जाएंगे। जिला अस्पताल के अलावा सभी सीएचसी, पीएचसी और सब सेंटरों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर हर लाभार्थी के गोल्डन कार्ड बनवाने का कार्य विभाग करेगा।
ऐसे चेक करे अपना नाम
आयुष्मान योजना में अपना नाम चेक करने के लिए वेबसाइट पर अपना मोबाइल नंबर डालकर राज्य, जिला सर्च करके अपना नाम देख सकते है। इसके अलावा आप विभाग के टोल फ्री नंबर 14555 और 1800111565 पर कॉल करके भी अपने नाम के बारे में पूछ सकते है।
23 को मनेगा आयुष्मान भारत दिवस
जिले में आयुष्मान योजना को 23 सितंबर को एक वर्ष पूरा हो जाएगा। योजना के एक वर्ष पूरा होने के उपलक्ष्य में जिले के सभी सूचीबद्ध 38 अस्पतालों में 23 सितंबर को आयुष्मान भारत दिवस मनाया जाएगा। इस दौरान अस्पताल प्रबंधन के साथ मरीज भी योजना की जानकारी पा सकेंगे इस दिन विशेष अभियान चलाकर लाभार्थियों के गोल्डन कार्ड बनाने का कार्य किया जाएगा।
आयुष्मान योजना के लाभार्थियों को योजना के बारे में जागरूक करने के लिए 16 सितंबर से 15 दिवसीय पखवाड़े में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन करके अधिक से अधिक गोल्डन कार्ड बनाये जाने का कार्य किया जाएगा।
डॉ. संजय दहिया, सीएमओ हिसार।